चैनपुर : राष्ट्रीय वयोश्री योजना का तोहफा, बुजुर्गों को मिले निशुल्क व्हीलचेयर और बैसाखियां, देखें Video
(अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर : बुजुर्गों के ढलते जीवन को सहारा देने और उन्हें शारीरिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को चैनपुर में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘राष्ट्रीय वयोश्री योजना’ के तहत निशुल्क सहायक उपकरणों का वितरण किया गया. कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.
विदित हो कि पूर्व में एलिम्को (भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम) की विशेषज्ञ टीम द्वारा चैनपुर में विशेष परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया था. इस शिविर में शारीरिक रूप से अक्षम, दिव्यांग अथवा कमजोर बुजुर्गों की जांच कर उन्हें चिन्हित किया गया था. बुधवार को उन्हीं चयनित लाभार्थियों के बीच व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक (लाठी) श्रवण यंत्र,कमोड,सहित अन्य सुलभ उपकरणों का निशुल्क वितरण किया गया। कृत्रिम साधनों की मदद मिलते ही कई बुजुर्ग भावुक हो उठे और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखर गई.
जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) यादव बैठा, चैनपुर मुखिया शोभा देवी, प्रमुख प्रमोद खलखो, महिला पर्यवेक्षिका खुशबू कुमारी एवं अंजली वर्मा मौजूद थीं. सभी अतिथियों ने बुजुर्गों को अपने हाथों से उपकरण सौंपे और उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की. वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की इस योजना से सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के असहाय बुजुर्गों को नया जीवनदान मिल रहा है.
अगले दो दिनों तक मिलेगा कैंप का लाभ
चैनपुर बीडीओ यादव बैठा ने जानकारी देते हुए बताया कि जो चयनित लाभुक किसी अपरिहार्य कारणवश बुधवार को कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके हैं, वे निराश न हों. ऐसे सभी छूटे हुए लाभार्थी कल (गुरुवार) और परसों (शुक्रवार) दो दिनों के भीतर चैनपुर प्रखंड कार्यालय आकर अपने हिस्से का सहायक उपकरण प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने आस-पास के छूटे हुए चिन्हित बुजुर्गों तक यह संदेश जरूर पहुंचाएं ताकि कोई भी हकदार इस लाभ से वंचित न रहे.
