गुमला में रफ्तार का कहर, स्कूल की रसोइया समेत छह लोग सड़क हादसे में घायल, देखें Video
गुमला: डेबीडीह पतराटोली के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूल की रसोइया को अपनी चपेट में लेने के बाद एक ऑटो को भी टक्कर मार दी. हादसे में रसोइया समेत छह लोग घायल हो गए. घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने पिकअप जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जाली तार लदा पिकअप वाहन सिमडेगा से पलामू जा रहा था. इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय के समीप ऑटो से उतरकर किराया दे रही डेबीडीह निवासी सरस्वती देवी को पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया. इसके बाद अनियंत्रित पिकअप ने पीछे से खड़े ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
हादसे में डेबीडीह निवासी सरस्वती देवी तथा बेलागढ़ा निवासी नंदनी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गयी. दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं ऑटो में सवार चार अन्य लोगों को मामूली खरोंचें आयी हैं. बताया गया कि ऑटो बेलागढ़ा जा रहा था.
सरस्वती देवी विद्यालय में रसोइया संयोजिका के रूप में कार्यरत हैं और स्कूल के लिये सामान लेकर ऑटो से उतरी थीं. तभी यह हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
