गुमला में स्वास्थ्य सेवाओं को नई उड़ान, केयर हॉस्पिटल में शुरू हुई अत्याधुनिक MRI जांच
गुमला एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो गयी है. केयर एडवांस्ड मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल गुमला (गोकुल नगर) में अब अत्याधुनिक एमआरआइ जांच सेवा शुरू कर दी गयी है. अब मरीजों को एमआरआइ जांच के लिए रांची या अन्य बड़े शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी. यह सुविधा गुमला सहित लोहरदगा, सिमडेगा, लातेहार एवं आसपास के जिलों के मरीजों को समय पर, सटीक और गुणवत्तापूर्ण जांच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. एमआरआइ एक उन्नत एवं सुरक्षित जांच पद्धति है. जिसके माध्यम से मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, नसों, जोड़ों, मांसपेशियों, पेट तथा शरीर के अन्य अंगों की विस्तृत एवं सटीक जांच की जाती है.
यह जांच बिना किसी शल्य प्रक्रिया के अनेक गंभीर बीमारियों के शीघ्र एवं सही निदान में अत्यंत सहायक होती है. अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञ टीम के साथ यह सेवा प्रारंभ की गयी है. ताकि क्षेत्रवासियों को अपने ही जिले में उच्च स्तरीय चिकित्सा एवं डायग्नोस्टिक सेवाएं प्राप्त हो सकें.
केयर एडवांस्ड मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सौरव प्रसाद ने कहा है कि”हमारा उद्देश्य गुमला एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है. एमआरआइ सेवा की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. अब मरीजों का समय, धन और अनावश्यक परेशानी तीनों की बचत होगी तथा उन्हें शीघ्र एवं सटीक उपचार मिल सकेगा. अस्पताल प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि आवश्यकता होने पर इस आधुनिक एमआरआइ सुविधा का लाभ उठाएं.
