गुमला

Video : चैनपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, दंपती पर हमला करने वाला आरोपी कट्टे के साथ गिरफ्तार

(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर थाना क्षेत्र के बेंदोरा पंचायत अंतर्गत बसाईटोली ग्राम में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने एक घर में घुसकर दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया था. इस सनसनीखेज वारदात के बाद एसडीपीओ  श्रुति अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर एक मुख्य आरोपी को अवैध हथियार के साथ धर दबोचा.


घर में घुस कर किया था हमला

घटना मंगलवार रात करीब 9:30 बजे की है, जब दो हथियारबंद अपराधी अचानक बसाईटोली ग्राम निवासी 35 वर्षीय जगतपाल रौतिया के घर में घुस गए थे. अपराधियों ने जगतपाल और उनकी पत्नी अनीता देवी पर जानलेवा हमला कर  वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे. सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया था. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला रेफर कर दिया था.

SDPO के नेतृत्व में टीम ने दी दबिश, आरोपी गया जेल

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने खुद कमान संभाली और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू करवाई. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सिरसी डुमरी ग्राम निवासी आरोपी प्रवीण एक्का को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है. पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी प्रवीण को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

दूसरे अपराधी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी

एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम घटना में संलिप्त दूसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *