डीसी व डीडीसी ने रक्तदान किया, दूसरे लोगों से भी रक्तदान करने की अपील की
उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगा. शिविर का शुभारंभ उपायुक्त व डीडीसी अनिमेष रंजन ने स्वयं रक्तदान कर किया. जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि “आज मैंने भी रक्तदान किया है. आप सभी भी निःसंकोच रक्तदान करें. यह पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है. रक्तदान महादान है और आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित अंतराल पर रक्त की आवश्यकता होती है. ऐसे बच्चों के जीवन की सुरक्षा के लिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को इस महादान अभियान से जुड़ना चाहिए.
नागरिकों से की भागीदारी की अपील है : डीडीसी
उपविकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने भी रक्तदान किया. उन्होंने कहा कि रक्तदान पूर्णतः सुरक्षित एवं वैज्ञानिक प्रक्रिया है. एक स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह के अंतराल पर नियमित रूप से रक्तदान कर सकता है. उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया सक्रिय होती है. आयरन की अधिकता नियंत्रित रखने में सहायता मिलती है. समय-समय पर स्वास्थ्य जांच होने से कई स्वास्थ्य समस्याओं का प्रारंभिक स्तर पर पता चल सकता है. उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से इस जनकल्याणकारी अभियान से जुड़ने की अपील की.
20 यूनिट रक्त का हुआ संग्रहण
रक्तदान शिविर में जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए रक्तदान किया. इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. शंभूनाथ चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. शिविर के दौरान कुल 20 यूनिट रक्त का सफलतापूर्वक संग्रहण किया गया.
