गुमला

बसिया : ममता को क्या हुआ? दूसरे के दरवाजे पर मासूम को छोड़कर चली गई मां

गुमला के बसिया प्रखंड में मानवता और रहस्य से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है. एक अज्ञात महिला पानी मांगने के बहाने एक घर पहुंची और कुछ देर बाद शौच जाने की बात कहकर अपने तीन माह के मासूम बेटे को वहीं छोड़कर लापता हो गयी. घटना के बाद से पुलिस महिला की तलाश में जुटी है. जबकि जिस दंपती के घर बच्चा छोड़ा गया. उन्होंने उसे गोद लेकर पालन-पोषण करने की इच्छा जाहिर की है.

जानकारी के अनुसार, बसिया निवासी पूजा देवी और उनके पति श्याम किशोर साहू के घर एक महिला गोद में मासूम बच्चे को लेकर पहुंची. उसने पानी मांगा और पानी पीने के बाद कुछ देर तक पूजा देवी से बातचीत करती रही. बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि उसका पति उसे छोड़ चुका है और आर्थिक तंगी के कारण वह बच्चे का पालन-पोषण करने में असमर्थ है. इसके बाद उसने शौच जाने की बात कही और घर के पीछे की ओर चली गयी. लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने आसपास काफी तलाश की. लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला. ऐसे में दंपती ने बच्चे को अपने संरक्षण में रखा और उसकी देखभाल शुरू कर दी. दो दिनों तक महिला के लौटने का इंतजार करने के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी बसिया थाना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही पुलिस बच्चे और दंपती को गुरुवार की दोपहर सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंची. जहां आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गयी. साथ ही मामले की सूचना बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को भी दे दी गयी है. पुलिस महिला की पहचान और उसके लापता होने के कारणों की जांच कर रही है. इधर, पूजा देवी और श्याम किशोर साहू ने मासूम को कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद लेकर उसका भविष्य संवारने की इच्छा व्यक्त की है. अब इस मामले में आगे की कार्रवाई बाल कल्याण समिति और संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *