Dunduria Bus Stand : गुमला जिले से दूसरे दिन भी नहीं चली 200 बसें, यात्री रहे परेशान
Dunduria Bus Stand : गुमला में दूसरे दिन भी 200 यात्री बसें नहीं चली. इससे गुमला जिले के यात्री परेशान रहे. कई जरूरतमंद यात्री 400 रुपये भाड़ा देकर छोटी गाड़ियों से रांची गये. वहीं लंबी दूरी के यात्रियों ने यात्रा स्थगित कर दिया है. क्योंकि, पटना, बनारस, ओडिशा, रायगढ़ लंबी दूरी की यात्रा है. बस नहीं चलने से लोग या तो निजी गाड़ी बुक कर सफर कर रहे हैं या तो फिर यात्रा स्थगित कर दिये. यहां बता दें कि दुंदुरिया बस डिपो में लोहरदगा रूट के लिए बस पड़ाव बनाये जाने से बस ऑनर एसोसिएशन आक्रोशित हैं और दो दिनों से बसों का परिचालन ठप किये हुए हैं. बस ऑनर की मांग है कि लोहरदगा जिला की बसें ललित उरांव बस पड़ाव से ही पहले की भांति छूटे. इधर, दो दिन गुजर गया. परंतु, बसों का परिचालन शुरू कराने के लिए प्रशासन व बस ऑनर के बीच अबतक किसी प्रकार का समझौता नहीं हुआ है.
मांग पूरी नहीं हुई तो पूरे राज्य में एक दिन करेंगे हड़ताल : सच्चिदांनद सिंह
बस ऑनर एसोसिएशन की बैठक शनिवार को ललित उरांव बस स्टैंड में हुई. बैठक में एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह, उपाध्यक्ष संजय पांडेय व चार सदस्य उपस्थित थे. बैठक में लोहरदगा रूट की बसों का स्टैंड लोहरदगा रोड स्थित बस डिपो में बनाये जाने के बाद उत्पन्न समस्या पर चर्चा किया गया. इस दौरान कई बस मालिकों व चालकों ने समस्याओं को रखा. साथ ही कई प्रकार के सुझाव भी दिये. वक्ताओं ने कहा बस डिपो को स्टैंड बनाने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बस डिपो को स्टैंड बनाये जाने के बाद ललित उरांव बस स्टैंड से छूटने वालों बसों के लिए पैसेंजर का मेल नहीं मिल पा रहा है. बसों के डीजल का दाम भी नहीं निकल पा रहा है. यात्रियों को भी परेशानी हो रही है. इस समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से वार्ता करने का प्रयास किया गया. लेकिन प्रशासन द्वारा वार्ता तक नहीं किया जा रहा है. बस मालिकों ने मांग रखी कि पहले की तरह ही लोहरदगा रूट की बसों का ठहराव ललित उरांव बस स्टैंड में हो. यदि ऐसा नहीं होता है तो बसों का परिचालन अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद रहेगा. समस्या सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि समस्या विकट है. इसलिए निर्णय लेकर बसों का परिचालन बंद किया गया है. उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या का हल निकालने का प्रयास किया जायेगा. इसके लिए प्रशासन से वार्ता किया जायेगा.
वार्ता के बाद भी यदि लोहरदगा रूट की बसों का ठहराव ललित उरांव बस स्टैंड में सुनिश्चित नहीं किया जाता है तो राज्यभर में एक दिन के लिए सांकेतिक रूप से बसों का परिचालन पूरी तरह से बंद किया जायेगा. इधर, चेंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने बस ऑनर एसोसिएशन का साथ देने की बात कही. बैठक में गुमला एसोसिएशन के शिव प्रसाद सोनी, महेश साहू, निर्मल कुमार, चेंबर सचिव बबलू वर्मा, संजय कुमार, सुनील सिन्हा, प्रसेन्नजीत मुखर्जी, निकेश राज, गोपाल, दुर्गा चंद्रवंशी वर्मा, राकेश सिंह, लव गुप्ता, सौकत अंसारी, बबलु मंडल, पप्पू यादव, रवि वर्मा, मंटू सिंह, मोतीलाल साहू, दीपक कुमार, गोपाल प्रसाद सोनी, नितिश कुमार, सोनू कुमार, सूरज सोनी, असलम खान, सुबोध कुमार, अरूण कुमार, छोटू कुमार, अशोक कुमार, बलराम उरांव, राजेश भगत, कौशल मंत्री सहित अन्य मौजूद थे.
