गुमला

Video : डुमरी-जैरागी मार्ग पर घर में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, लोग बोले पी-खा के…

Video : गुमला के डुमरी थाना क्षेत्र के डुमरी-जैरागी मार्ग पर नटावल गांव के पास शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे तेज रफ्तार महिंद्रा स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी. हादसे में घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए. एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो के पीछे से आवाज आ रही है कि आदमी लोग पी-खा के बर्बाद कर दिया. देखें वीडियो आप भी.

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (जेएच 10बीई 7026) डुमरी-जैरागी मार्ग से गुजर रही थी. नटावल गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सतेंद्र उर्फ मुना साहू के घर में जा घुसा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया.

बताया जा रहा है कि हादसे में चालक को भी चोट लगी है. हालांकि, घटना के बाद वह घायल अवस्था में ही मौके से फरार हो गया. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर भीड़ जुट गयी. गनीमत रही कि घर में मौजूद किसी व्यक्ति को चोट नहीं लगी.

हादसे के बाद परिवार में दहशत

हादसे के समय घर में परिवार के लोग मौजूद थे. अचानक तेज आवाज के साथ स्कॉर्पियो घर में घुस गई, जिससे सभी लोग डर गए. गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ. घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल है. मकान मालिक सतेंद्र साहू ने हादसे में हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है. उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का जल्द निरीक्षण कराने और पीड़ित परिवार को उचित राहत देने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *