गुमला

नशे के खिलाफ खोरा पतराटोली में ग्रामीणों की हुंकार, बोले- अब गांव में नहीं चलेगा नशे का कारोबार

गुमला: खोरा पतराटोली गांव में बढ़ती नशाखोरी से परेशान ग्रामीण अब इसके खिलाफ एकजुट हो गए हैं. ग्रामीणों ने नशे के कारोबार और सेवन पर रोक लगाने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया है. जगदीश साहू और दिनेश साहू ने बताया कि गांव और आसपास के इलाके में नशे का चलन लगातार बढ़ रहा है. खासकर युवा तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं. इससे उनका भविष्य खराब होने के साथ परिवारों में भी परेशानी बढ़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि नशे की वजह से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और अपराध बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है. उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है.

ग्रामीणों ने पुलिस से नशीले पदार्थों की बिक्री और अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को जागरूक कर इससे दूर करने के लिए अभियान चलाया जाए. साथ ही क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग की गयी है. ग्रामीणों का कहना है कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है. ग्रामीण प्रशासन के साथ मिलकर नशे के खिलाफ अभियान चलाने को तैयार हैं. उनका कहना है कि समय रहते रोक नहीं लगी तो आने वाली पीढ़ी पर इसका बुरा असर पड़ेगा.

नशे के खिलाफ ग्रामीणों की एकजुटता भी देखने को मिली. आवेदन के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जतायी है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने और नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *