गुमला

चैनपुर : स्कूल से लौटने के बाद लापता हुआ छात्र, पेड़ से लटका मिला शव; गांव में पसरा मातम

गुमला के चैनपुर थाना क्षेत्र के भेड़िया पाठ गांव में बुधवार को 14 वर्षीय छात्र का शव पेड़ से लटका मिला. छात्र कक्षा छह में पढ़ता था. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के अनुसार, छात्र मंगलवार को रोज की तरह स्कूल गया था. छुट्टी के बाद वह घर लौटा, लेकिन कुछ देर बाद बिना बताए घर से निकल गया. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. आसपास के इलाकों में खोजबीन की जा रही थी.

इसी दौरान मंगलवार शाम करीब पांच बजे कुछ महिलाएं मवेशी चराकर लौट रही थीं. टोंगरी के पास उनकी नजर सखुआ के पेड़ पर पड़ी, जहां छात्र का शव फंदे से लटका हुआ था. महिलाओं ने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों और छात्र के परिजनों को दी.

सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।. शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. छात्र की दादी ने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद वह घर से निकला था. इसके बाद परिवार उसकी तलाश कर रहा था. उन्हें ऐसी घटना की कोई आशंका नहीं थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्र की मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *