Ranchi News : कम राशन देनेवाले डीलर पर होगी कार्रवाई
Ranchi News : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि हमेशा शिकायत मिलती है कि राशन डीलर कम अनाज देते हैं. अगर कोई राशन डीलर ऐसा करते हुए पाया गया, तो उस पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी. श्री भजंत्री शनिवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को लेकर मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे. उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवन रेखा है. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. पदाधिकारी और दुकानदार मिलकर यह सुनिश्चित करें कि एक भी लाभुक राशन से वंचित न रहे. ई-पॉस मशीन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, गोदाम प्रबंधन और स्टॉक सत्यापन पर विशेष ख्याल रखा जाये.
उपायुक्त ने सभी को संकल्प दिलाया कि खाद्य सुरक्षा केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का माध्यम है. पीडीएस दुकानदार पारदर्शी और नियमित वितरण से जनता का विश्वास अर्जित कर सकते है. विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी ने पॉश मशीन के उपयोग, ऑनलाइन स्टॉक अपडेशन और डोर स्टेप डिलीवरी की बारीकियों के बारे में अवगत कराया. जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडेय ने पिछले छह माह के कार्य की प्रगति और आगामी लक्ष्य के बारे में बताया. कार्यशाला में राशन वितरण में पारदर्शिता, आधार-लिंक्ड बायोमेट्रिक सत्यापन की अनिवार्यता, फर्जी कार्ड निरस्तीकरण, गोदाम प्रबंधन, स्टॉक रजिस्टर का डिजिटलाइजेशन, एफआइएफओ पद्धति का पालन और नियमित भौतिक सत्यापन की जानकारी दी गयी. 15 नवंबर को आयोजित राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने की अपील की.
