भरनो: बकरी चराने गए 12 वर्षीय बच्चे पर जंगली भालू का हमला, गंभीर हालत में गुमला रेफर
गुमला के भरनो प्रखंड के अंबेरा गांव में बकरी चराने के दौरान जंगली भालू के हमले से 12 वर्षीय अनीश उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया. अंबेरा निवासी खुदिया उरांव का पुत्र अनीश अपने साथियों के साथ बचमट्ठा पहाड़ की ओर बकरी चराने गया था. इसी दौरान पहाड़ से अचानक एक जंगली भालू निकल आया और अनीश पर हमला कर उसे घायल कर दिया.
अनीश के साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू वहां से भाग गया. घटना के बाद परिजन घायल अनीश को इलाज के लिए सिसई अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने वन विभाग से बच्चे के इलाज के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है.
