सड़क या तालाब? गुमला में जलजमाव से लोग बेहाल, वार्ड पार्षद ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी
गुमला शहर में बारिश के बाद कई जगहों पर जलजमाव की समस्या सामने आ रही है. शिशु मंदिर गेट के पीछे स्थित सड़क पर भी इन दिनों पानी जमा है. सड़क पर इतना पानी भर गया है कि यहां से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है. स्थिति देखकर लगता है कि सड़क की जगह तालाब बन गया है. इस रास्ते से स्थानीय लोगों के साथ स्कूल के छात्र भी आते-जाते हैं. पानी जमा होने के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है. लोगों ने नगर परिषद से जलजमाव की समस्या जल्द दूर करने की मांग की है.
वार्ड कमिश्नर ने कहा
सड़क पर जलजमाव की स्थिति को लेकर वार्ड कमिश्नर मनीष कुमार ने नगर परिषद की कार्यशैली पर नाराजगी जतायी है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सड़क पर इतना पानी जमा है कि अगर इसमें मछली छोड़ दी जाये, तो वह भी बड़ी हो जायेगी. यहां तक कि धान की रोपाई कर दी जाये, तो शायद फसल भी तैयार हो जायेगी. उन्होंने कहा कि सड़क की यह स्थिति नगर परिषद की व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है. लोगों को रोज इस समस्या से जूझना पड़ रहा है.
साइन बोर्ड पर उठाया सवाल
मनीष कुमार ने नगर परिषद की ओर से शहर में लगाये गये साइन बोर्ड पर हुए खर्च को लेकर भी सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि साइन बोर्ड लगाने में जितना पैसा खर्च किया गया, उससे शहर की खराब सड़कों की छोटी-छोटी मरम्मत कर उन्हें काफी हद तक ठीक किया जा सकता था. उन्होंने आरोप लगाया कि जरूरी विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय ऐसे कामों पर पैसा खर्च किया जा रहा है, जिसकी अभी प्राथमिकता नहीं है. इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है. खराब सड़क और जलजमाव से लोग रोज परेशान हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जायेगा.
अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर
मनीष कुमार ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वह नगर परिषद कार्यालय में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे. उन्होंने नगर परिषद से शहर की खराब सड़कों और जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि सड़क और जलजमाव की समस्या से लोगों को रोज परेशानी हो रही है. ऐसे में नगर परिषद को जल्द जरूरी कदम उठाकर लोगों को राहत देनी चाहिए.
