चैनपुर BDO यादव बैठा को भावभीनी विदाई, 2 साल 8 माह की सेवा के बाद यहीं से हुए रिटायर
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
चैनपुर प्रखंड परिसर स्थित पुस्तकालय भवन में प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा की विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। लगभग 2 वर्ष 8 माह तक चैनपुर प्रखंड में अपनी सेवाएं देने के पश्चात वे यहीं से सेवानिवृत्त हो रहे हैं. इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रखंड कर्मियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की और सुखद एवं स्वस्थ सेवानिवृत्ति जीवन की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम की शुरुआत जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, चैनपुर मुखिया शोभा देवी, अंचलाधिकारी दिनेश गुप्ता सहित उपस्थित अतिथियों ने पुष्पगुच्छ एवं माला पहनाकर यादव बैठा का स्वागत और सम्मान किया.
जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने कहा कि यादव बैठा ने अपने कार्यकाल में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया. उनका सरल और मिलनसार व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा. बेंदौरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज ने कहा कि यादव बैठा ने ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया. उन्होंने प्रखंड के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड पशु चिकित्सा एवं पशुपालन पदाधिकारी डॉ. धर्म रक्षित विद्यार्थी ने किया. उन्होंने यादव बैठा के प्रशासनिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे अपने लंबे सेवाकाल में विभिन्न स्थानों पर पदस्थापित रहे और चैनपुर में 2 वर्ष 8 माह तक सफलतापूर्वक सेवा देने के बाद यहीं से सेवानिवृत्त हो रहे हैं.
अपने विदाई संबोधन में यादव बैठा भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि चैनपुर के लोगों से उन्हें बहुत प्यार, सम्मान और सहयोग मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में कई स्थानों पर काम करने का अवसर मिला, लेकिन चैनपुर की यादें उनके लिए हमेशा विशेष रहेंगी. उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में सफलता मिली.
इस अवसर पर उप समाहर्ता संजीव मुर्मू, ओलिभा कांता कुजूर, अंचलाधिकारी दिनेश गुप्ता, अंचल निरीक्षक नरेंद्र सेठ, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संदीप उरांव, सुमित खलखो, संदीप तिवारी, दीपक रजक, सीमा कुमारी, अंचल एवं प्रखंड कार्यालय के सभी कर्मी, सभी पंचायतों के मुखिया तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के अंत में यादव बैठा को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया और सभी ने उन्हें भावभीनी विदाई दी.
