घुंघरुपाठ और जूरमु में बदलेगी सड़कों की तस्वीर, सांसद-विधायक ने किया शिलान्यास
(चैनपुर से अंकित कुमार पासवान की रिपोर्ट)
गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत जनावल पंचायत के घुंघरुपाठ और जूरमु पंचायत के ग्रामीण इलाकों में विकास की रफ्तार को एक नया आयाम मिला है. प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत क्षेत्र में बनने वाली नई सड़कों का भूमिपूजन और शिलान्यास समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ. इस महत्वपूर्ण विकास कार्य का शुभारंभ गुमला विधायक भूषण तिर्की और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत के द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया गया.
सड़क निर्माण से सुगम होगा आवागमन, दूर होगी वर्षों की पीड़ा: विधायक भूषण तिर्की
समारोह को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि घुंघरुपाठ और जूरमु पंचायत के ग्रामीणों की यह सड़क एक लंबे समय से ज्वलंत मांग रही है. इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र के हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा. अब बरसात के दिनों में कीचड़ और दलदली रास्तों से होने वाली जूझारू परेशानियों से मुक्ति मिलेगी. ग्रामीण आसानी से एम्बुलेंस, चिकित्सा सुविधाओं, बुनियादी जरूरतों और शिक्षा के लिए प्रखंड व जिला मुख्यालय तक पहुंच सकेंगे. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है.
केंद्र की मोदी सरकार पर बरसे विधायक कहा काला कानून लाकर झारखंड की अस्मिता को कर रही है धूमिल
केंद्र सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए विधायक भूषण तिर्की ने कहा कि एक तरफ राज्य के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय हेमंत सोरेन मैया सम्मान योजना, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना, अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और पुरानी पेंशन योजना जैसे अनगिनत जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से जनता को संवार रहे हैं. वहीं केंद्र की मोदी सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पिछले दरवाजे से खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक जैसा काला कानून लाकर झारखंड की अस्मिता को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास किया है. झारखंड के खनिज संसाधनों पर बुरी नजर गड़ाते हुए केंद्र सरकार सेस को खत्म कर अपने उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुँचाना चाहती है. झामुमो इस अन्याय के खिलाफ गांव से लेकर शहर तक जन जागरण अभियान चलाकर कड़ा विरोध करेगा.
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास: सांसद सुखदेव भगत
लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन चैनपुर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक है. घुंघरुपाठ और जूरमु में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से यहां के आदिम जनजाति और ग्रामीण परिवारों की बरसों पुरानी मांग पूरी हो गई है. उन्होंने कहा कि पक्की सड़क बन जाने से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और व्यापार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक आम पहुंच सुलभ होगी. उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता के विकास के लिए वे हर मंच पर पूरी मजबूती से लड़ते रहेंगे.
ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस भव्य शिलान्यास समारोह में मुख्य रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य रणजीत सिंह, संयुक्त सचिव शकील खान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजनील तिग्गा, अल्बर्ट तिग्गा, आलोक साव, घुंघरुपाठ की मुखिया प्रियंका असुर, फादर जॉन टोप्पो तथा संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता राम नरेश राम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
