गुमला

हादसे को दावत देता सूखा पेड़: दुंदुरिया बस स्टैंड के पास कभी भी हो सकती है बड़ी अनहोनी

गुमला शहर के दुंदुरिया बस स्टैंड के समीप नेशनल हाइवे के किनारे खड़ा वर्षों पुराना एक पेड़ पूरी तरह सूख चुका है. इस सूखे पेड़ की कमजोर और खतरनाक डालियां सड़क की ओर झुक चुकी हैं, जिससे किसी भी वक्त बड़ा सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है. यह एक बेहद व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर वाहनों और राहगीरों की भारी आवाजाही रहती है. स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस पेड़ की कई डालियां पहले भी टूटकर सड़क पर गिर चुकी हैं, जिससे पूर्व में भी छिटपुट हादसे हो चुके हैं. इसके बावजूद संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से अब तक इस सूखे पेड़ और इसकी डालियों को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

स्थानीय निवासी चितरंजन साहू ने बताया कि आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर इस मार्ग पर लोगों और वाहनों की भीड़ और अधिक बढ़ जायेगी. यह मुख्य मार्ग लोहरदगा, नेतरहाट और रांची जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ता है, जिससे रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं. जिले के तमाम अधिकारी भी इसी रास्ते से कार्यालय यानी समाहरणालय पहुंचते हैं. लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि तत्काल इस सूखे पेड़ की खतरनाक डालियों की कटाई करवाई जाये, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *