मैदान की ओर निकले थे तीन दोस्त, हादसे ने उजाड़ दी दो जिंदगियां; तीसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा
गुमला : सुबह घर से निकले तीन किशोरों ने शायद ही सोचा होगा कि कुछ ही घंटों बाद एक सड़क हादसा उनके परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे जाएगा. शुक्रवार को गुमला-रांची मुख्य मार्ग पर रेडवा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीसरा छात्र गंभीर हालत में रांची के अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.हादसे के बाद दोनों मृत छात्रों के घरों में चीख-पुकार मच गई, वहीं उनके स्कूलों में भी शोक की लहर है. मृतकों की पहचान विंध्याचल नगर निवासी गणेश साहू के पुत्र आदर्श राज (15) और सिसई रोड निवासी सानिध्य गुप्ता (13) के रूप में हुई है. घायल शशिकांत साहू (17 ) का रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई बताई जा रही है. सानिध्य गुप्ता डॉन बॉस्को स्कूल का छात्र था, जबकि आदर्श राज संध्या रानी ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ता था. घायल शशिकांत भी डॉन बॉस्को स्कूल में अध्ययनरत है.
सुबह साढ़े पांच बजे घर से निकले, क्रिकेट खेलने के बाद बाइक से निकले
बताया गया कि तीनों शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से निकले थे. परिजनों को उन्होंने घूमने जाने की जानकारी नहीं दी थी. तीनों वाटरवेज कॉलोनी स्थित मैदान में क्रिकेट खेलने पहुंचे थे. क्रिकेट खेलने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने के लिए निकल गए. इसी दौरान गुमला-रांची मार्ग पर रेडवा के समीप उनकी बाइक की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर होने की बात सामने आ रही है. टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सूचना बोर्ड से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोर्ड तक उखड़ गया. हादसे में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
अस्पताल ले जाने के दौरान सानिध्य ने तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया. रांची ले जाने के दौरान सानिध्य गुप्ता की मौत हो गई. वहीं आदर्श राज को भी गंभीर हालत में रांची ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. शशिकांत साहू को रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
सानिध्य गुप्ता का शव सिसई रोड स्थित आवास पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. परिजनों और आसपास की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था. महिलाओं की चीख-पुकार से पूरा इलाका गम में डूब गया. देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया. सानिध्य के पिता शशि गुप्ता बहुरानी टेक्सटाइल के संचालक हैं. बेटे का शव सामने देख उनका रो-रोकर बुरा हाल था. देर शाम पालकोट रोड स्थित मुक्ति धाम में सानिध्य का अंतिम संस्कार किया गया. परिजनों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया.
आदर्श के घर भी जुटी लोगों की भीड़
आदर्श राज की मौत की खबर मिलते ही विंध्याचल नगर स्थित उसके घर पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया. घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। आदर्श के पिता गणेश सरकारी शिक्षक हैं और डीएसपी रोड में पूर्व विधायक कमलेश उरांव के आवास के समीप मेडिकल दुकान भी संचालित करते हैं. रांची में आदर्श के शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद उसे गुमला लाने की तैयारी की जा रही थी. बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
दोनों स्कूलों में पसरा मातम
एक ही हादसे में दो छात्रों की मौत और एक के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से उनके सहपाठियों और शिक्षकों में भी शोक की लहर दौड़ गई. आदर्श संध्या रानी ऑक्सफोर्ड स्कूल का छात्र था, जबकि सानिध्य डॉन बॉस्को स्कूल में पढ़ता था। दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों के बीच अपने साथियों को खोने का गम है.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे को लेकर यह बात सामने आ रही है कि बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद बाइक साइन बोर्ड से टकरा गई. हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है.
