Dhanbad : सिंफर के वैज्ञानिकों ने बनाया मिथेन डिटेक्टर, खदानों में मिलेगी सुरक्षा
Dhanbad : सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ माइनिंग एंड फ्यूल रिसर्च (सिंफर), धनबाद के वैज्ञानिकों ने भूमिगत कोयला खदानों की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक स्थानीय मिथेन गैस डिटेक्टर विकसित किया है. यह डिटेक्टर खतरनाक क्षेत्रों और गैसीय भूमिगत खदानों में मिथेन गैस की लगातार निगरानी में सक्षम है. इस नयी प्रणाली का विकास सिंफर की माइंस मैकेनाइजेशन एंड टेक्नोलॉजी विभाग के वैज्ञानिक डॉ स्वदेश कुमार चौल्या, डॉ गिरेंद्र मोहन प्रसाद और डॉ अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया है. इस प्रणाली में तीन प्रमुख इकाइयों का संयोजन किया गया है – एक सुरक्षित निरंतर मिथेन मॉनिटरिंग यूनिट, एक स्वचालित पावर कट-ऑफ यूनिट और एक बैटरी बैकअप युक्त सुरक्षित विद्युत आपूर्ति इकाई. यह मिथेन डिटेक्टर डिटेक्टर लगातार मिथेन गैस का स्तर 10 प्रतिशत तक मापने में सक्षम है, जिसे उपयोगकर्ता की आवश्यकता के अनुसार 100 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सकता है. जब मिथेन का स्तर सीमा से अधिक हो जाता है, तो यह प्रणाली स्वचालित रूप से उस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर देती है, जिससे विस्फोट की संभावना समाप्त हो जाती है.
इससे न केवल अनमोल जानें बचायी जा सकेंगी, बल्कि संपत्ति की भी सुरक्षा सुनिश्चित होगी. इस प्रणाली को अंतरनिर्मित बैटरी बैकअप और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति के साथ तैयार किया गया है, जिससे यह लंबे समय तक बिना बैटरी बदले काम कर सकती है. खास बात यह है कि इस डिटेक्टर की रीडिंग एक किलोमीटर दूर तक सुरक्षित स्थान से भी देखी जा सकती है, जिससे मॉनिटरिंग टीम को खतरनाक जगहों पर जाने की आवश्यकता नहीं होती. यह तकनीक भूमिगत कोयला खदानों में सुरक्षित खनन कार्य को सुनिश्चित करती है. इस प्रणाली के उपयोग से न केवल खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि उत्पादन कार्य भी निर्बाध रूप से जारी रह सकेगा.
गैस की मात्रा खतरनाक स्तर पर पहुंचते ही जारी होगा अलार्म
इस प्रणाली में उच्च चमक वाले अल्फ़ान्यूमेरिक एलइडी और एलसीडी डिस्प्ले लगाये गये हैं, जो मिथेन के स्तर को लगातार दिखाते हैं. जैसे ही गैस की मात्रा खतरनाक स्तर पर पहुंचती है, यह डिटेक्टर तेज ऑडियो-वीडियो अलार्म जारी करता है, ताकि मजदूर सतर्क हो सकें. यह उपकरण पोर्टेबल है और गैसीय भूमिगत खदानों के किसी भी हिस्से में सुरक्षित रूप से उपयोग किया जा सकता है.
