गुमला

चैनपुर-रायडीह में छापा, जहरीले रंग वाले 5 किलो लड्डू नष्ट

चैनपुर-: गुमला जिले के नागरिकों को शुद्ध और मिलावटमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग ने चैनपुर और रायडीह प्रखंड में व्यापक औचक छापेमारी अभियान चलाया. इस कार्रवाई का मुख्य केंद्र चैनपुर क्षेत्र रहा जहां प्रशासनिक सख्ती से दुकानदारों में हड़कंप मच गया. यह पूरी कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह अभिहित अधिकारी डॉ. धनुर्जय सुम्ब्रई के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई. जांच दल का संयुक्त नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर, आशा राज और जिला तंबाकू नियंत्रण कोषांग की ओर से तंबाकू निषेध पदाधिकारी वंदना स्मिता होरो ने किया.

चैनपुर में विशेष सख्ती, अखाद्य रंगों से बने लड्डू नष्ट

अभियान के दौरान चैनपुर स्थित मेसर्स अजीत जनरल स्टोर की सघन जाँच की गई। निरीक्षण में स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक अखाद्य रंगों से तैयार किए गए 5 किलोग्राम लड्डू बरामद किए गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा दल ने मौके पर ही इन लड्डुओं को पूरी तरह नष्ट करवा दिया ताकि यह सामग्री आम जनता के स्वास्थ्य तक न पहुँच सके. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इस प्रतिष्ठान पर आगे की विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. चैनपुर क्षेत्र में इस कार्रवाई के दायरे में राजू होटल, महाबीर होटल, अजीत जनरल स्टोर, मेसर्स अशोक वेराइटी स्टोर, अनूप कुमार गुप्ता, आशुतोष कुमार और होली मेडिकल सहित कई प्रमुख प्रतिष्ठान शामिल रहे जहाँ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की बारीकी से परख की गई। वहीं रायडीह क्षेत्र में माँ भगवती स्टोर, गूंजा किराना स्टोर, तारा देवी, सुमन मिंज, लिबन बड़ा और मेसर्स छोटू पान दुकान की जाँच की गई.

कोटपा नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना

खाद्य सुरक्षा जाँच के साथ-साथ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 22 प्रतिष्ठानों की सघन जाँच की गई. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 दुकानों से मौके पर कुल ₹1,500 का चालान काटा गया. अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी सार्वजनिक स्थल, स्कूल और शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री कानूनन दंडनीय अपराध है. विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *