गुमला

सिसई : बकरी चोरी कर भाग रहे थे दो युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा

बकरी चोरी के आरोप में सिसई पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को गुमला जेल भेज दिया. जेल भेजे गए युवकों में रांची टंगरा टोली निवासी अतुल कुमार (26) और रांची पिस्का मोड़ हेसल निवासी रौशन तिर्की (26) शामिल हैं. रौशन मूल रूप से गुमला के शास्त्री नगर का रहने वाला है और रांची में रहकर मालवाहक ऑटो चलाता है. दोनों के खिलाफ डडहा गांव निवासी पशुपालक अरुण कुमार यादव के आवेदन पर कार्रवाई की गई है.

बताया गया कि गुरुवार शाम दोनों युवक डडहा गांव स्थित इंडियन होटल के पास से बकरी चोरी कर ऑटो में लादकर भाग रहे थे. बकरी को ऑटो में लादते देखकर कुछ ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने शोर मचाते हुए ऑटो का पीछा शुरू कर दिया. इसी दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया. इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. ग्रामीणों की पिटाई में दोनों युवकों को मामूली चोट लगी। वहीं, ऑटो पलटने से बकरी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके पैर और कमर में चोट आई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *