बारिश ने रोका फुटबॉल का रोमांच, बसिया फुटबॉल महाकुंभ स्थगित
गुमला के बसिया प्रखंड में बड़े पैमाने पर आयोजित होने वाले दिवा-रात्रि फुटबॉल टूर्नामेंट जो 26 व 27 सितंबर 2026 को होने वाली थी, इस बारिश ने पानी फेर दिया. बंगाल की खाड़ी से उठ रहे चक्रवात के कारण मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को फिलहाल स्थगित कर दिया है. टूर्नामेंट की तैयारी में जुटी समिति की मेहनत और खिलाड़ियों का उत्साह अचानक मौसम की मार से प्रभावित हो गया.
आयोजन समिति के पंकज कुमार सिंह ने बताया कि फुटबॉल महाकुंभ को लेकर समिति ने बड़े स्तर पर तैयारियां की थीं. मैदान को तैयार करने से लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने की दिशा में लगातार काम चल रहा था. लेकिन लगातार बारिश और मौसम खराब होने की संभावना के कारण आयोजन को स्थगित करने का निर्णय लेना पड़ा.
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन से जुड़े लोगों की सुरक्षा समिति की पहली प्राथमिकता है. मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद परिस्थितियों के अनुरूप टूर्नामेंट की नई तिथि घोषित की जाएगी. टूर्नामेंट स्थगित होने की सूचना से फुटबॉल प्रेमियों में मायूसी है। आयोजन समिति ने सभी टीमों, खिलाड़ियों, दर्शकों और सहयोगियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी.
