गुमला

केन्द्रीय विद्यालय के नये भवन में जल्द शुरू हो पढ़ाई, सय्यदा खातून ने की मांग

मिशन बदलाव की जिला सचिव सय्यदा खातून ने, जिला गुमला केन्द्रीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन में यथाशीघ्र शैक्षणिक कार्य प्रारंभ कराने की मांग को लेकर उपायुक्त, गुमला को पुनः आवेदन सौंपा है. मिशन बदलाव टीम द्वारा बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी 20 नवंबर 2025 को जिला प्रशासन को आवेदन देकर केन्द्रीय विद्यालय के पुराने भवन में विद्यार्थियों को हो रही समस्याओं तथा नवनिर्मित भवन में कक्षाएं शुरू कराने का अनुरोध किया गया था. इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण विद्यार्थी अभी भी पुराने भवन में ही अध्ययन करने को मजबूर हैं.

मिशन बदलाव की सय्यदा खातून ने बताया कि बारिश के मौसम में पुराने विद्यालय भवन की छत से पानी टपकता है तथा बारिश का पानी कक्षाओं के अंदर भी प्रवेश कर जाता है. इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को काफी परेशानी होती है तथा पठन-पाठन का कार्य प्रभावित होता है. इसके अलावा, भवन की स्थिति के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है. पुराने भवन में अन्य व्यक्तियों एवं वाणिज्यिक वाहनों के आवागमन के कारण भी विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता है.

मिशन बदलाव ने उपायुक्त महोदय से मांग की है कि केन्द्रीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का आवश्यक निरीक्षण एवं हस्तांतरण संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर वहां शैक्षणिक कार्य प्रारंभ कराने हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिया जाए. साथ ही, मिशन बदलाव ने इस संबंध में की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया है. मिशन बदलाव की नगर अध्यक्ष ज्योति कुमारी ने जिला गुमला ने जिला प्रशासन से विद्यार्थियों के हित, सुरक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र आवश्यक पहल करने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *