Gumla : बस हड़ताल समाप्त, चार नवंबर से चलेगी बसें
Gumla : फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने प्रेस विज्ञप्ति जारी किया है. जिसमें कहा गया है कि गुमला जिला बस ओनर एसोसिएशन द्वारा आहूत हड़ताल पिछले चार दिनों से जारी थी. एसोसिएशन की मांग लोहरदगा एवं घाघरा की ओर से आने-जानेवाली बसों को दुंदुरिया बस स्टैंड से संचालन की अनुमति देने संबंधी प्रशासनिक निर्णय के विरोध में थी. जनहित के विपरीत इस निर्णय के कारण चार दिनों से गुमला जिला की सारी बसों का परिचालन पूर्ण रूप से बंद था.
सोमवार को फेडरेशन के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा द्वारा इस समस्या के समाधान हेतु उपायुक्त गुमला से फोन पर वार्ता की गयी. इधर, गुमला जिला बस ओनर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक अनुमंडल पदाधिकारी गुमला, आरक्षी उपाधीक्षक एवं जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ हुई. वार्ता उपरांत प्रशासन की ओर से आग्रह किया गया कि बसों का परिचालन तत्काल शुरू किया जाये. एसोसिएशन की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जायेगा.
इस वार्ता के पश्चात् चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, गुमला जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजेश सिंह एवं सचिव बबलू वर्मा, गुमला बस ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव सोनी एवं सचिव महेश कुमार लाल ने आपसी सहमति से जनहित का ध्यान रखते हुए एवं प्रशासन के साथ सहयोग की भावना रखते हुए चार दिनों से जारी बस हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया. इस निर्णय के परिप्रेक्ष्य में तीनों संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्यगण की सर्वसम्मति रही.
प्रशासन से बैठक हुई. जिसमें कुछ निर्णय लिये गये हैं. बसों का हड़ताल चार नवंबर से समाप्त कर दिया गया है. अब बसें चलेगी. परंतु, दुंदुरिया बस स्टैंड को लेकर अभी ठोस निर्णय नहीं हुआ है. अगली बैठक और होगी. तब तक सभी बसें निर्धारित बस पड़ाव से छूटेगी.
शिव प्रसाद सोनी, अध्यक्ष, बस ओनर एसोसिएशन
बस ओनर के साथ बैठक हुई है. दुंदुरिया बस डिपो से ही लोहरदगा व घाघरा रूट की बसें चलेगी. साथ ही दुंदुरिया बस डिपो में जो भी समस्या है. उसका निदान होगा. वहां पानी, बिजली, शौचालय, शेड सहित अन्य सुविधाएं दी जायेगी. इसके लिए टेंडर हो गया है.
राजीव नीरज, एसडीओ, गुमला
