Gumla Crime News : पति ने अपनी पत्नी की टांगी से काटकर हत्या की
Gumla Crime News : लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे पति ने अपने ही 15 वर्षीय पत्नी की टांगी से काटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद पति खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या करने जा रहा था. लेकिन परिजनों ने उसे रोक लिया. बताया जा रहा है कि पत्नी छह माह की गर्भवती थी. यह घटना रायडीह थाना क्षेत्र के पुरानी रायडीह की है. जहां मंगलवार सुबह करीब सात बजे लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे पति सुमन यादव (19 वर्षीय) ने अपनी ही 15 वर्षीय नाबालिग पत्नी अंशिका तिर्की की टांगी से काटकर हत्या कर दी. हत्या के तुरंत बाद सुमन यादव ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. जिसे परिजनों ने देख लिया और उसे पकड़कर आत्महत्या करने से रोका.
हत्या के बाद घटना की जानकारी रायडीह पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही रायडीह थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. जहां उन्होंने मृतका अंशिका तिर्की के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस ने मौके पर से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त किया और हत्यारा पति सुमन यादव को घर से ही गिरफ्तार कर थाना ले गयी.
घटना के संबंध में आरोपी के पिता रुपन यादव ने बताया की सुबह लगभग सात बजे घर के सभी सदस्य घर के बाहर धूप में खड़े थे. उसी जगह सुमन व उसकी पत्नी अंशिका तिर्की भी मुंह धो रहे थे. दोनों मुंह धोकर घर के अंदर गये और कुछ हड़बड़ाने की आवाज सुनाई दी जैसे ही हम सभी घर के अंदर घुसे तो अंशिका तिर्की जमीन पर मृत पड़ी हुई थी और शरीर से खून निकल रहा था. शव के पास एक टांगी भी पड़ा हुआ था. वहीं सुमन घर पर ही रस्सी के सहारे फांसी लगाने की कोशिश कर रहा था. हमनें उसे फांसी लगाने से रोक लिया. हमनें घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी. घटना के संबंध में सुमन यादव ने बताया कि वह बहुत ही ज्यादा मानसिक तनाव में था. पति-पत्नी के बीच में आपसी लड़ाई झगड़ा हो रहा था. सुबह अचानक किसी बात पर गुस्सा आ गया और घर पर रखी टांगी उठाकर मार दिया. जिससे अंशिका तिर्की की मौत हो गयी.
अंशिका तिर्की छह मह की थी गर्भवती
परिजनों ने बताया की मृतका अंशिका तिर्की छह माह की गर्भवती थी. जिसका इलाज कराने हेतु दोनों पति पत्नी गुमला जाने वाले थे और अचानक आज सुबह सुमन ने अपनी पत्नी अंशिका तिर्की की टांगी से काटकर हत्या कर दी. परिजनों ने बताया कि मृतिका अंशिका तिर्की छत्तीसगढ़ की धर्मजयगढ़ की रहने वाली थी. इसी साल विगत अप्रैल माह में सुमन अपनी फुआ सादैर देवी के घर नारायणपुर छत्तीसगढ़ शादी समारोह में गया था. अंशिका तिर्की भी उसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए नारायणपुर आयी थी. वहीं इनकी मुलाकात हुई थी और दोनों में प्यार हो गया था और अंशिका गर्भवती हो गयी थी. इस बात की जानकारी छह माह बाद अंशिका के परिजनों को हुई तो धर्मजयगढ़ में सामुदायिक बैठक हुई और बैठक में सुमन यादव व उसके परिजनों को बुलाया गया. जहां अंशिका के गर्भवती होने के कारण उसे सुमन यादव व उसके परिजनों को सौंप दिया गया था. जिसके बाद सुमन व उसके परिजन गत 28 अक्तूबर को अंशिका को अपने साथ पुरानी रायडीह ले आये. जहां आठ दिन बाद सुमन ने अचानक टांगी से काटकर अंशिका की हत्या कर दी.
