गुमला के बिशुनपुर में करमा पर्व की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
बिशुनपुर प्रखंड के टीटही गांव के समीप करमा पर्व के दौरान हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान जोगेंद्र उरांव (17) और महावीर उरांव (25) के रूप में हुई है. हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया. मिली जानकारी के अनुसार, गांव में करमा पर्व मनाया जा रहा था. ग्रामीण करमा डाल काटकर पारंपरिक गीत गाते और नृत्य करते हुए गांव लौट रहे थे.
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ग्रामीणों की भीड़ में घुस गई. बाइक की टक्कर महावीर उरांव को लगी. हादसे में बाइक सवार जोगेंद्र उरांव और महावीर उरांव गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद करमा नृत्य कर रहे ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये शव
घटना की सूचना मिलने पर बिशुनपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. करमा पर्व के उल्लास के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है. पर्व की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं.
