पालकोट में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सखुआ लकड़ी से लदा ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार
पालकोट (गुमला) : पालकोट में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सखुआ लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है. वन विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात उतरी भाग पंचायत के शाहीचटांन गांव में छापेमारी कर ट्रैक्टर को पकड़ा. चालक सह मालिक रोहित इंदवार को गिरफ्तार कर गुमला जेल भेज दिया गया.
इस संबंध में वनपाल कृष्णा महतो ने बताया कि वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रखंड के टेंगरिया नवाटोली गांव का रोहित इंदवार अपने सोनालिका ट्रैक्टर से सखुआ लकड़ी के बोटे लेकर जा रहा है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की. टीम शाहीचटांन गांव पहुंची और लकड़ी लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
वन विभाग की टीम ट्रैक्टर को अपने कार्यालय ले आयी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
छापेमारी दल में वनरक्षी संदीप कुमार, शशि बेग, तुर्जन मुंडा, राधेश्याम साहू, जय प्रकाश मुंडा, तारक ठाकुर, दीपक सिंह, रिझू साहू, अमृत केरकेट्टा, संजीव खड़िया, अरुण साहू, अनुज लकड़ा, सुरेंद्र प्रधान और अमित लोहरा समेत वन विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे.
