गुमला

26 को गुमला के स्कूलों में नहीं बनेगा मध्याह्न भोजन, मांगें पूरी नहीं होने पर 25-26 नवंबर को रांची में रसोईया-संयोजिका संघ का दो दिवसीय धरना

गुमला : झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोईया-संयोजिका अध्यक्ष संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 25 और 26 नवंबर 2026 को रांची के कुटे मैदान में दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है. संघ की जिलाध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी ने बताया कि बजट सत्र के दौरान सरकार के साथ हुई वार्ता में मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक मांगें पूरी नहीं की गई हैं. इससे नाराज होकर संघ ने विशेष सत्र के दौरान धरना-प्रदर्शन करने का फैसला लिया है.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को रांची, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, चतरा, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी और देवघर जिले की रसोईया-संयोजिकाएं धरना में शामिल होंगी. वहीं 26 नवंबर को गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, जामताड़ा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, पाकुड़ और गढ़वा जिले की रसोईया-संयोजिकाएं शामिल होंगी. सभी सदस्यों को सुबह 10 बजे तक रांची पहुंचने की अपील की गई है.

देवकी देवी ने बताया कि 26 नवंबर को गुमला जिले के सभी विद्यालयों में रसोईया-संयोजिकाएं मध्याह्न भोजन नहीं बनाएंगी. उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों से अनुरोध किया है कि बच्चों को उस दिन घर से टिफिन लाने की सूचना पहले ही दे दें. उन्होंने कहा कि अपने हक और अधिकार के लिए सभी रसोईया-संयोजिकाओं का धरना में शामिल होना जरूरी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *