पालकोट में 400 विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ, कहा- यातायात नियमों के पालन के लिए अपनों को भी करेंगे जागरूक
पालकोट (गुमला) : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत सोमवार को पालकोट के कंदर्प प्लस टू हाई स्कूल और राजकीयकृत बालक मध्य विद्यालय में संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. उपायुक्त दिलेश्वर महतो और जिला परिवहन पदाधिकारी सतेन्द्र महतो के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और यातायात नियमों का पालन करने की सामूहिक शपथ ली.
इस दौरान मोटरयान निरीक्षक प्रदीप कुमार तिर्की ने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत घर से होनी चाहिए. उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने माता-पिता और परिजनों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से बचने और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक करें. अभियान के दौरान विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए प्रमाणित हेलमेट की अनिवार्यता, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के इस्तेमाल, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और ट्रिपल लोडिंग से होने वाले खतरे की जानकारी दी गई. साथ ही गुड सेमेरिटन (नेक मददगार) और हिट एंड रन कानून के प्रावधानों के बारे में भी बताया गया. सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया.
अधिकारियों ने बताया कि नेक मददगारों को कानून के तहत सुरक्षा और सम्मान दिया जाता है. कार्यक्रम के अंत में सभी 400 विद्यार्थियों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ ली. इसके बाद विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पंपलेट बांटे गए. अभियान को सफल बनाने में सड़क सुरक्षा प्रबंधक प्रभाष कुमार, आईटी सहायक मंटू रवानी, रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट प्रणय कांशी, दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
