Dumri : डुमरी में मनरेगा आम बागवानी में धोखाधड़ी, डीसी से शिकायत
Dumri : डुमरी प्रखंड अंतर्गत टागरडीह गांव में मनरेगा आम बागवानी योजना में कथित रूप से हुई धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. इस घटना से नाराज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्तार आलम ने मंगलवार को गुमला उपायुक्त से मिलकर एक लिखित आवेदन सौंपा है. जिसमें उन्होंने तत्काल जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
मुख्तार आलम ने उपायुक्त को बताया कि टांगरडीह के कई किसानों ने उनसे मिलकर शिकायत की है कि उन्हें वर्ष 2024-25 की मनरेगा के तहत आम बागवानी के लिए प्रेरित किया गया था. किसानों को रोजगार सेविका रजनी लबली के माध्यम से यह भरोसा दिलाया गया था कि वे लगभग 10 एकड़ भूमि पर आम बागवानी की खेती करें. वादा किया गया था कि बागवानी के लिए सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध करायी जायेगी. प्रत्येक किसान को लगभग एक-एक लाख रुपये दिये जायेंगे.
किसानों ने स्वयं मजदूर बनकर बागवानी का कार्य पूरा किया. लेकिन उन्हें न तो कोई सामग्री उपलब्ध करायी गयी और न ही उन्हें वादे के मुताबिक राशि मिली. बैंक खाते की जांच जब किसानों ने किये तो उन्हें पता चला कि उनके खातों से बिचौलियों द्वारा पैसों की पूरी तरह से बंदरबांट करके अवैध निकासी कर ली है. जिससे उनके साथ गंभीर धोखाधड़ी हुई है. मुख्तार आलम ने कहा कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में इस तरह की गड़बड़ी और धांधली होना बेहद चिंता का विषय है. जिसकी वह कड़ी निंदा करते हैं. “किसान हमारे अन्नदाता हैं, और किसान के साथ इस तरह की धोखाधड़ी कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी. मौके पर किसान बलका भगत, बुद्धिमान उरांव और राजेंद्र मिंज सहित धोखाधड़ी के शिकार हुए किसान खोड़े भगत, सुरेंद्र भगत, श्रीराम भगत, रतिसाम भगत, कल्याण भगत, पूनिया देवी उपस्थित थी.
