गुमला

Gumla Crime News : लड़कियों को दिल्ली ले जा रहा युवक अरेस्ट, गुमला जिले की क्राइम की खबरें एक जगह पढ़ें

Gumla Crime News : गुमला जिले की क्राइम की खबरें एक जगह पढ़ें. 

लड़कियों को दिल्ली ले जाने के आरोप में दो युवक अरेस्ट

गुमला. सदर थाना की पुलिस ने दो नाबालिग छात्राओं को दिल्ली ले जाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. अभी दोनों युवकों को थाना में रखा गया है. पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि लड़कियों के गायब होने के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत किया था. पुलिस ने अपहरण का मामला मानते हुए लड़कियों की तलाश शुरू की. इसके बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस दिल्ली पहुंच गयी और वहां से दो लड़कियों को बरामद कर गुमला आयी. वहीं दो लड़कों को भी पुलिस ने पकड़ा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. हालांकि, इसे प्रेम प्रसंग से जोड़ा जा रहा है. परंतु परिजनों की शिकायत पर पुलिस इसे अपहरण का मामला मान रही है.

शौच के लिए बाहर निकली पत्नी गायब

भरनो. प्रखंड के मठतुरीअंबा गांव निवासी लक्ष्मण उरांव ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी उर्मिला उरांव की गुमशुदगी को लेकर भरनो थाना में आवेदन देकर उसे ढूंढने की गुहार लगायी है. लक्ष्मण उरांव ने आवेदन में कहा है कि गत तीन नवंबर की अहले सुबह पत्नी शौच के लिए बाहर निकली थी. उस समय पति लक्ष्मण उरांव धान काटने के लिए खेत चला गया. जब दोपहर में वह घर लौटा तो पत्नी गायब थी और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे दादी के पास थे. उसका एक बच्चा ढाई साल व दूसरा बच्चा 11 माह का है. पत्नी के वापस नहीं लौटने पर लक्ष्मण ने अपने जान-पहचान तथा सगे-संबंधियों के पास पत्नी को ढुंढा. लेकिन पत्नी नहीं मिली.

महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

कामडारा. थाना क्षेत्र के रामतोलया पहानटोली में रोहित तोपनो की पत्नी मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला मंजरी तोपनो (23) ने बुधवार को अपने ही घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि जिस समय घटना घटी. उस समय घर के अंदर मंजरी के अलावा कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था. सभी सदस्य घर के बाहर अपने-अपने काम में व्यस्त थे. बाद में घर के सदस्य घर के अंदर घुसे तो देखा कि मंजरी छत्त से फांसी पर लटकी हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

घाघरा. थाना क्षेत्र के सारंगो ग्राम निवासी लगभग 35 वर्षीय मनोज उरांव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पत्नी अंजली देवी ने बताया कि पिछले दो दिनों से वह शराब की नशे में था. बुधवार को लगभग 12 बजे अपनी मां से घास काटने जाने की बात कहकर घर से निकला और घर से लगभग 400 मीटर दूर पक्का बांध नामक जगह पर करंज के पेड़ में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया. अंजली ने बताया कि मनोज शराब का सेवन करने के बाद अपना आपा खो देता था और अनावश्यक बातें करता था. वहीं घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची घाघरा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

सिसई में शादीशुदा नाबालिग ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

सिसई थाना क्षेत्र के कुलेंगकेरी पतराटोली गांव निवासी स्वर्गीय बसु उरांव की पुत्री पूनम कुमारी (16) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उसका शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर कुलेंगकेरी पतरा के एक पेड़ पर दुपट्टे से झूलता हुआ मिला है. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार पूनम नाबालिग थी. छह माह पहले उसका सिसई बस्ती निवासी टिंकू उरांव के साथ शादी हुई थी. इधर, दीपावली पर्व में वह अपने मायके कुलेंगकेरी आयी थी. बताया जा रहा है कि घटना के एक दिन पूर्व सोमवार को उसके ससुराल वाले उसे लेने के लिए उसके मायके गये थे. लेकिन पूनम ने पांच नवंबर को कार्तिक जतरा देखकर ससुराल जाने की बात कहकर ससुराल वालों को वापस लौटा दिया था. समाचार लिखे जाने तक आत्महत्या के कारणों का पता नही चल पाया था. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

पुलिस ने वारंटी के घर चिपकाया इश्तेहार

कोर्ट ऑफ अडिशनल सेशन जज-टू गुमला के आदेश पर चैनपुर पुलिस ने एक पुराने मामले में फरार चल रहे वारंटी उमरा निवासी बटाक टोप्पो उर्फ प्रेम राज के घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तेहार चिपकाया है. पुलिस ने सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा करते हुए आरोपी को जल्द से जल्द न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने की अंतिम चेतावनी दी है. न्यायालय ने निर्देश दिया है कि यदि वारंटी निर्धारित तिथि तक हाजिर नहीं होता है तो उसकी संपत्ति कुर्क (धारा 83) करने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी.

उत्क्रमित विद्यालय मोरहाटोली से स्मार्ट टीवी का इंवर्टर व बैटरी की चोरी

कामडारा. राजकीय उत्क्रमित विद्यालय मोरहाटोली में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने विद्यालय से स्मार्ट टीवी का इंवर्टर व बैटरी की चोरी कर ली. चोरी की इस घटना के संबंध में कामडारा थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है. विद्यालय के प्रभारी एचएम सूरज मिंज ने बताया कि गत रात में अज्ञात चोरों ने विद्यालय का दरवाजा तोड़कर विद्यालय के अंदर लगी स्मार्ट टीवी का इंवर्टर व बैटरी का चोरी कर ले गये. इसकी जानकारी मंगलवार की सुबह में स्कूल खुलने के बाद हुई. उन्होंने बताया कि इस साल स्कूल में अब तक तीन बार चोरी की घटना घटित हो चुकी है. पहली चोरी की घटना 11 जनवरी को हुई थी. उस समय चोरों द्वारा विद्यालय से 15 हजार रुपये नगद व साउंड सिस्टम की चोरी कर ली गयी. इसके बाद 15 अगस्त को कंप्यूटर लैब के सोलर प्लेटों की चोरी कर ली गयी थी और गत दिनों पुन: ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है. उन्होंने बताया कि हर घटना के बाद थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराया गया है. लेकिन अभी तक चोर नहीं पकड़ा गया और अब एक बार फिर से चोरी हो गयी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *