Gumla : कार में लहराया पिस्तौल, वीडियो बनाकर किया वायरल, पुलिस ने दबोचा
Gumla : गुमला शहर में कार में पिस्तौल लहराने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने के जुनून ने तीन युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. पुलिस ने तीन युवकों को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है. इनमें रौनक कुमार, आलोक सिंह व पवन सिंह है. ये लोग गुमला शहर में कार में घूमते हुए देशी पिस्तौल लहरा रहे थे. इसके बाद कार में ही पिस्तौल लहराने का वीडियो बनाया. उत्साही युवकों ने वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल भी कर दिया. जैसे ही पिस्तौल लहराने का वीडियो वायरल हुआ. पुलिस तुरंत एक्शन में आ गयी और तीनों युवकों को गिरफ्तार कर थाना ले गयी. तीनों युवकों को थाना में रखकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार पिस्तौल पवन सिंह का है. कहीं से उसे पिस्तौल मिला था. इसके बाद तीनों दोस्त पिस्तौल के साथ कार में घूमने निकले. इसके बाद युवकों ने कार में ही पिस्तौल का वीडियो बनाया. बताया जा रहा है कि शहर के बिरसा मुंडा एग्रो पार्क, टावर चौक और मेन रोड इलाके में तीन युवकों द्वारा पिस्तौल हाथ में लेकर रील बनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल किया गया था.
रील में युवक गाड़ियों में सवार होकर फिल्मी स्टाइल में हथियार लहराते नजर आ रहे थे. वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. किसी ने इसकी सूचना वीडियो समेत पुलिस तक पहुंचायी. जिसके बाद गुमला पुलिस तत्काल हरकत में आ गयी. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों से तीनों युवकों को उनके घर से धर दबोचा. जांच में खुलासा हुआ कि पिस्टल पवन सिंह की थी. जिसे उसने रौनक को दिया था. रौनक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कार में सवार होकर शहर के बीचोंबीच रील शूट की और फिर उसे अपने सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया. इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. लेकिन पुलिस के लिए यह सीधा आर्म्स एक्ट का मामला बन गया. देर रात तक थाना परिसर में तीनों से पूछताछ जारी रही. कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोग युवकों के समर्थन में पहुंच गये. जिससे थाना क्षेत्र में देर रात तक गहमागहमी बनी रही. थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने कहा कि तीनों युवकों से अभी पूछताछ हो रही है.
