गुमला से अपहृत दो लड़कियां दिल्ली से बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गुमला पुलिस ने दो लड़कियों का अपहरण करने के आरोपी बिहार राज्य के समस्तीपुर निवासी विकास सिंह को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे जेल भेज दिया गया. वहीं लड़कियों को मुक्त कराकर दोनों का मेडिकल कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. गुमला एसपी हरिश बिन जमां ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि दो लड़कियों के अपहरण की शिकायत परिजनों ने की. प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया. कई राज्यों में पुलिस की टीम गयी. परंतु, अपहरणकर्ता व लड़कियों का सुराग नहीं मिला. अंत में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एसआइटी टीम का गठन किया गया. जिसमें पुअनि गौतम वर्मा, महिला आरक्षी-266 सुचिता डुंगडुग, आरक्षी परवेज अंसारी शामिल थे. एसआइटी टीम दिल्ली पहुंचकर संबंधित थाना के सहयोग से टोडापुर दशघरा करोलबाग के एक मकान में छापामारी करने पर एक कमरे में एक लड़का के साथ दो नाबालिग लड़की मिली. आरोपी विकास सिंह से पूछताछ करने पर बताया कि वह वर्ष 2013 से दिल्ली में काम कर रहा है.
अभी पैनकरस ट्रेवल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करता है. वह अपने दोस्त अशोक कुमार यादव के कहने पर उसके ससुराल छत्तीसगढ़ जशपुर जिला के दुलदुला में कोरना गांव गया था. वहां अशोक कुमार यादव और अविनाश नायक उर्फ अंकित तीनों मिलकर छत्तीसगढ़ से दिल्ली जाने के लिए निकले थे. रांची बस स्टैंड से ये तीनों रांची रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक ऑटो में बैठे. जिसमें पहले से स्कूल ड्रेस में दो लड़कियां बैठी थी. लड़कियों को दिल्ली जाने के लिए बोलने पर दोनों लड़की तैयार हो गयी. तब ये पांचों मिलकर झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में बैठकर दिल्ली पहुंचे तो अशोक ने दोनों लड़कियों को बोला कि तुम दोनों हमारे रूम चलो. जहां हमारी पत्नी के साथ रहना. उसके बाद दोनों लड़की अशोक के रूम में जाकर उसकी पत्नी के साथ रहने लगी और विकास सिंह दोनों लड़की से रोज मिलने जाने लगा. इसी दौरान अशोक ने दोनों लड़कियों को प्रलोभन देने लगा कि तुम यहीं काम करो. तुम्हें 20-30 हजार रुपये महीना मिलेगा तो दोनों लड़की काम करने के लिए तैयार हो गयी.
उसके बाद दोंनों लड़की काम करने गयी. परंतु काम पसंद नहीं आया. जिससे अशोक कुमार यादव ने दोनों लड़कियों पर गुस्सा हो गया. जिससे दोनों लड़कियां ने विकास सिंह को बोली की हम दोनों अशोक यादव के यहां नहीं रहेंगे तो विकास ने दोनों लड़कियों को अपने साथ रखने के लिए एक किराये का रूम खोजने लगा. परंतु कुंवारा लड़का लडकी के चलते रूम नहीं मिला तो विकास सिंह ने एक लड़की के मांग में सिंदूर डलकर एक किराये का रूम लिया और तीनों मिलकर साथ रहने लगे. उसके बाद एसआइटी टीम द्वारा दोनों लड़कियों को बरामद किया तथा विकास सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर दिल्ली से गुमला थाना लाया गया है.
