गुमला

Gumla Blood Bank : गुमला अस्पताल को ब्लड स्टोरेज यूनिट की मान्यता मिली

Gumla Blood Bank : गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में शुक्रवार की लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण गुमला के निदेशक विद्या भूषण द्वारा सदर अस्पताल गुमला का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की समग्र व्यवस्था, स्वच्छता, औषधि की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा प्रसव एवं आपातकालीन सेवाओं का गहन अवलोकन किया गया. निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन गुमला द्वारा यह जानकारी दी गयी कि सदर अस्पताल गुमला को ब्लड स्टोरेज यूनिट का मान्यता प्राप्त हो चुका है. आगामी दो-तीन दिनों में ब्लड बैंक का संचालन पुनः प्रारंभ कर दिया जायेगा. जिससे आमजनों को रक्त की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी.

इसके अतिरिक्त ब्लड बैंक के नियमित अनुज्ञप्ति हेतु 12 नवंबर को केंद्रीय संयुक्त जांच दल का भ्रमण प्रस्तावित है. अस्पताल परिसर में रोगियों एवं परिजनों के लिए बेहतर वेटिंग एरिया का निर्माण कराया गया है. जिसमें शेड लगाकर 36 बेंच की व्यवस्था की गयी है. इससे लगभग 108 लोगों के बैठने की सुविधा सुनिश्चित की गयी है. जिससे मरीजों एवं आंगतुकों को राहत मिल रही है. निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मियों, विशेषकर अस्पताल प्रबंधक के अनुपस्थित पाये जाने पर निदेशक द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया.

निरीक्षण के क्रम में सर्जिकल वार्ड में नाली की सफाई नहीं होने के कारण दुर्गंध पायी गयी. जिस पर उपाधीक्षक सदर अस्पताल को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण में पाया गया कि अस्पताल में 649 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं. जबकि जन औषधि केंद्र में 70 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं. 24 गुणा 7 एक्स-रे, लैब और आपातकालीन सेवाएं संचालित हैं. निदेशक विद्या भूषण ने कहा कि सदर अस्पताल की सेवा व्यवस्था को और बेहतर बनाने हेतु सतत निगरानी जारी रहेगी. सभी कर्मियों को समय पालन एवं सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *