गुमला

Gumla : विद्यालय में नामांकन तो है लेकिन उपस्थिति नहीं, उपायुक्त चिंतित

Gumla : शिक्षा विभाग गुमला की बैठक शुक्रवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जिले में चल रहे शैक्षणिक सत्र में अध्ययन कार्य की प्रगति, आगामी मॉक टेस्ट, विद्यालयों में शिक्षक व छात्र उपस्थिति, शिक्षकों की कमी तथा अनुशासन से संबंधित विषयों पर चर्चा किया गया. मौके पर उपायुक्त ने 10 नवंबर से शुरू होने वाले मॉक टेस्ट को सफल बनाने के लिए सभी स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कहा कि मॉक टेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों के वास्तविक स्तर का मूल्यांकन कर 20 नवंबर तक परिणाम जारी किया जाये. ताकि कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था के रूप में रिमेडियल क्लासेस की जा सके.

उपायुक्त ने मॉक टेस्ट से चिन्हित कमजोर बच्चों के लिए अलग से शिक्षक व सीआरपी-बीआरपी की टैगिंग करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने डीईओ, डीएसई सहित सभी जिला स्तरीय परियोजना पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरा शिक्षा विभाग गंभीरता एवं समन्वय के साथ एक्शन मोड में कार्य करें. अन्यथा इसे गंभीरता से लिया जायेगा. वहीं विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की समस्या पर उपायुक्त ने कहा कि विषयवार रिक्तियों को पूरा करने हेतु स्कूल टैगिंग की व्यवस्था लागू की जाये. ताकि किसी भी विद्यालय में शिक्षण कार्य बाधित न हो.

उपायुक्त ने पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षा में खराब प्रदर्शन करने वाले निजी व अन्य विद्यालयों के संबंध में कहा कि सभी से स्पष्टीकरण मांगा जाये तथा उनके द्वारा प्रदर्शन सुधार की कार्ययोजना प्रस्तुत की जाये. वहीं उपायुक्त ने डीएसई को अपना कार्यालय नये समाहरणालय भवन में शीघ्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिया. ताकि सभी विभागीय कार्य सुचारू रूप से एकीकृत स्थान से संचालित हो सके. इसके साथ ही उपायुक्त ने उच्च विद्यालय टोटो में विद्यार्थियों की अत्यधिक अनुपस्थिति का मुद्दा उठाते हुए डीईओ व डीएसई को स्वयं विद्यालय में नियमित रूप से बैठने के निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय में नामांकन तो है. लेकिन उपस्थिति नहीं है. यह चिंताजनक विषय है. उपायुक्त ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को जिला मुख्यालय व आसपास के विद्यालयों में नियमित रूप से निरीक्षण कर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने का निर्देश दिया. वहीं उपायुक्त ने लापरवाही बरतने वाले पांच शिक्षकों के खिलाफ कड़ा रूख अपनाते हुए वेतन बंद करने का आदेश जारी किया.

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा जैसे संवेदनशील विभाग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, प्लस टू उच्च विद्यालय टोटो व भरनो के सभी शिक्षकों को 13 नवंबर को समाहरणालय में उपस्थित होने के निर्देश दिया. कहा कि उनसे बैठक कर उनके शिक्षण कार्य, परिणाम व अनुशासन पर अलग से समीक्षा की जायेगी. बैठक में डीईओ, डीएसई सहित सभी परियोजना पदाधिकारी, बीइइओ, बीपीओ एवं संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *