Gumla : डीलर नशे में बांटता है राशन, मारपीट भी करता है, गुस्से में ग्रामीण
Gumla : बिशुनपुर प्रखंड के हाड़ुप गांव के ग्रामीणों ने गांव के राशन डीलर के खिलाफ शिकायत की है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि डीलर राजबली उरांव द्वारा मनमाने तरीके से राशन बांटा जाता है. राशन वितरण के समय डीलर नशे में रहता है और राशन लेने के लिए पहुंचने वाले लोगों से मारपीट भी करता है. दुकान से मिलने वाला अनाज भी घटिया रहता है और वजन में भी कम दिया जाता है. डीलर द्वारा ई-केवाइसी के नाम पर भी हर राशन कार्डधारी से प्रति सदस्य 50 से 100 रुपये तक लिया गया है.
ग्रामीणों की इस शिकायत के बाद प्रखंड प्रमुख राजलक्ष्मी उरांव, उप प्रमुख चंदन सिंह, पंसस हीरामुणि देवी व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष राजू भगत ने हाडूप गांव पहुंचकर शिकायत की जांच की. मौके पर ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ प्रमुख को शिकायत पत्र सौंपा और कार्रवाई करने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि यदि डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो उसका मनोबल बढ़ेगा. वह अपनी मनमानी करता रहेगा और हमें परेशानी झेलनी पड़ेगी. वहीं ग्रामीणों द्वारा प्राप्त शिकायत पत्र को प्रमुख ने बीडीओ सुलेमान मुंडारी को सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की. प्रमुख ने बताया कि ग्रामीणों ने कहा कि जब तक डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी. तब तक उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
इस संबंध में बीडीओ से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि राशन डीलर के खिलाफ प्रमुख द्वारा आवेदन दिया गया है. आवेदन पर जांच शुरू कर दिया गया है. जांच में यदि डीलर दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
