Bihar Election 2025 : बिहार की सीमा से लगे जिलों में अतिरिक्त जांच चौकियां
Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण और घाटशिला उपचुनाव से पहले झारखंड पुलिस ने अवैध आवाजाही रोकने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। इसके तहत राज्य से सटे 10 सीमावर्ती जिलों (पलामू, गढ़वा, कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, गोड्डा, गिरिडीह, देवघर, साहिबगंज और दुमका) में 43 अतिरिक्त जांच चौकियां बनाई गई हैं. इन इलाकों में पहले से ही निषेधाज्ञा लागू है ताकि चुनाव के दौरान शांति और सुरक्षा बनी रहे.
पुलिस महानिरीक्षक और चुनाव के लिए राज्य पुलिस के नोडल अधिकारी माइकलराज एस ने बताया कि बिहार चुनाव से पहले झारखंड की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. उन्होंने कहा कि 10 सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त जांच चौकियां लगाई गई हैं और अवैध आवाजाही रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं. 11 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं ताकि शांति और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके.
उन्होंने कहा, ‘‘घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर हमने पश्चिम बंगाल और ओडिशा के साथ लगभग 10 से 13 और जांच चौकी स्थापित की हैं.’’ पलामू जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि बिहार में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक जिले की सीमा के तीन किलोमीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो.
