Gumla : प्रशासन अब ‘एक्शन मोड’ में, 70 चालकों पर गिरी गाज, वसूला गया जुर्माना
Gumla : गुमला जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए गुमला प्रशासन अब ‘एक्शन मोड’ में आ गया है. उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल के नेतृत्व में रायडीह थाना के सामने सघन जांच अभियान चलाया गया. इस विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 70 से अधिक वाहन चालकों को न केवल जागरूक किया गया. बल्कि उन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 55 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. वाहन जांच के दौरान डीटीओ की टीम और पुलिस बल ने मुख्य मार्गों पर अचानक घेराबंदी की. जिससे नियम तोड़ने वाले चालकों में हड़कंप मच गया.
डीटीओ ने कहा कि अभियान का मुख्य उददेश्य जीवन रक्षक नियमों पर था. प्रमुख रूप से इन उल्लंघनों पर चालान काटे गये. हेलमेट न पहनना और ट्रिपल राइडिंग एवं शराब नहीं पीये. सीट बेल्ट का उपयोग जरूरी है. ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, परमिट, पीयूसी और रोड टैक्स जैसे ज़रूरी कागज़ात लेकर ही चले. प्रेशर हॉर्न का उपयोग और मालवाहकों में ओवरलोडिंग न हो. इस अभियान का प्राथमिक लक्ष्य सिर्फ राजस्व जुटाना नहीं है. बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को शून्य पर लाना है. पकड़े गये चालकों को जुर्माने के साथ-साथ लापरवाही के गंभीर परिणामों के बारे में भी व्यक्तिगत रूप से समझाया गया और नियमों का पालन करने की अंतिम चेतावनी दी गयी.
इधर प्रशासन ने अपनी सख्ती को जारी रखते हुए बस संचालक जो आदेश का उल्लंघन करते हुए बस का परिचालन कर रहे हैं. उनको नियम के साथ और प्रशासन के आदेश के साथ चलने के लिए कहा गया. डीटीओ ने स्वयं दुंदुरिया बस डिपो का औचक निरीक्षण किये. यातायात नियमों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए डीटीओ ने बस संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि दुंदुरिया बस डिपो में बस न लगाने की स्थिति में आदेश की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने अधिकतम जुर्माना या परमिट निलंबित करने तक की चेतावनी दी. अधिकारियों के कड़े रुख को देखते ही कई बस संचालक अपनी बसों को मौके से भगाते हुए देखे गये.
