Chakravyuh-2025 : सांसद सुखदेव भगत ने कहा, झारखंड व आदिवासियों का संबंध जल, जंगल और जमीन से
Chakravyuh-2025 : संत इग्नासियुस हाईस्कूल गुमला में रन फोर प्लानेट थीम पर तीन दिवसीय इंटर स्कूल एथलेटिक्स मीट 54वीं चक्रव्यूह 2025 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को स्कूल के जुबली खेल मैदान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ. कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि सांसद सुखदेव भगत व विशिष्ट अतिथि जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने विधिवत रूप से झंडोत्तोलन, चक्रव्यूह के जनक स्वर्गीय फादर पीपी वनफल के चित्र पर पुष्पार्चन व मशाल जलाकर किया. मौके पर मुख्य अतिथि सांसद सुखदेव भगत ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को नमन करते हुए कहा कि जिस समय वे छात्र जीवन व्यतीत कर रहे थे. तब उन्होंने भी चक्रव्यूह में भाग लिया था.
उन्होंने कहा कि चक्रव्यूह से उनकी बहुत सी यादे जुड़ी है. उन्होंने रन फोर प्लानेट की थीम पर आयोजित चक्रव्यूह की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड व आदिवासियों का संबंध जल, जंगल और जमीन रहा है. पर्यावरण संरक्षण हमारे जीवनशैली में है. हम पर्यावरण को संरक्षित करके चलते हैं और हम आगे भी प्रकृति के साथ चलेंगे. उन्होंने कहा कि हमारे समय में जब हम खेलते जाते थे तो हमारे अभिभावक व शिक्षक हमें डांटते थे. वे कहते थे कि खेलोगे कूदोगे तो हो जाओगे खराब और पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब. लेकिन वक्त के साथ पूरी कल्पनाएं बदल गयी है. आज का दौर बीते हुए कल के दौर से काफी अलग है. अभी के समय में शिक्षा के साथ खेलकूद में भी बच्चों को बढ़ावा दिया जा रहा है. सांसद ने बच्चों से अपील करते हुए कहा कि यदि आप अच्छा खेलते हैं तो निरंतर अभ्यासरत रहे. अपनी खेल प्रतिभा को निखारे और खेल के क्षेत्र में ही अपना भविष्य बनायें.
मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजनील तिग्गा, नप के निवर्तमान अध्यक्ष दीपनारायण उरांव, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम सरवर, दिशा सदस्य अनिरूद्ध चौबे, रुपेश कुमार सनी, नगर अध्यक्ष जय सिंह, पीएसएसइ हजारीबाग के रेभरन फादर अजीत मरांडी, रेक्टर फादर फ्लोरेंस कुजूर, डायरेक्टर फादर प्रफुल्ल एक्का, कोर्डिनेटर सुमन बेक, सिस्टर हिरमीना लकड़ा, फादर जोन, फादर मुनसन बिलुंग, फादर रवि भूषण खेस सहित अन्य मौजूद थे.
खेल सिर्फ जीत या हार का खेल नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की कला भी है : फादर मनोहर
संत इग्नासियुस हाईस्कूल के प्रधानाचार्य फादर मनोहर खोया ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि इस साल का चक्रव्यूह का आयोजन हमारे स्कूल में हो रहा है. उन्होंने बताया कि स्वर्गीय फादर पीपी वनफल ने चक्रव्यूह की शुरूआत एक नई सोच के साथ 1968 में की थी. तब से लेकर अब तक हर साल चक्रव्यूह का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें अंतर विद्यालय के बच्चों को भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि इस साल का आयोजित चक्रव्यूह रन फोर प्लानेट की थीम पर है. खेल सिर्फ शरीर को ही सशक्त व स्वस्थ नहीं बनाता, बल्कि हमें पर्यावरण व प्रकृति से सामंजस्य भी स्थापित करने में मदद करता है. खेल सिर्फ जीत या हार का खेल नहीं होता, बल्कि यह जीवन जीने की कला भी है.
च्रकव्यूह : पहले दिन के विजेताओं को सम्मानित किया गया
गुमला. चक्रव्यूह में रांची, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, बोकारो, खूंटी, हजारीबाग व लातेहार जिला से 28 विद्यालयों के लगभग 500 छात्र प्रतिभागियों ने भाग लिया है. पहले दिन बच्चों के बीच एथलेटिक्स के विभिन्न प्रतियोगिता हुई. जिसमें जुनियर बालक वर्ग 5000 मीटर रेस में संत पीटर हाईस्कूल टोंगो सुमित मिंज, संत स्टानिश हाईस्कूल के धनेश्वर उरांव व किशोर नगर नामकुम के अरुण उरांव क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे. इसी प्रकार हाईजंप में संत जोन स्कूल सुमित मुंडा, संत जोसेफ के डी कुमार सिंह व असीम मिंज, जैवलिन थ्रो में संत जोन के सुमित मुंडा, लोयोला इंग्लिश मिडियम स्कूल के शिवम महतो व संत अन्ना हाईस्कूल पुग्गु के अंकित तिर्की, जुनियर बालिका वर्ग में उर्सुलाइन कॉन्वेंट बालिका विद्यालय टोंगो की नैंसी एक्का, मारिया टोप्पो व अमिशा टेटे, सीनियर वर्ग बालिका वर्ग 3000 मीटर रेस में संत इग्नासियुस गुमला की संजूला तिर्की, अमिता केरकेट्टा व मानीष प्रिया, लोंग जंप में संत जेवियर स्कूल डोरंडा की अंजली भेंगरा, लोयोला इंटर कॉलेज की भूमिका कुमारी व संत इग्नासियुस गुमला की पूजा लकड़ा क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही. अतिथियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाण पत्र से सम्मानित किया.
