Gumla : बिरसा मुंडा ने आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ी, बोले विधायक भूषण तिर्की
Gumla : संत पात्रिक हाई स्कूल गुमला के ग्राउंड में शनिवार को बिरसा मुंडा की जयंती मनायी गयी. मुख्य अतिथि गुमला विधायक भूषण तिर्की थे. विधायक ने कहा है कि आज हम बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर इकट्ठे हुए हैं, जो आदिवासी समुदाय के एक महान नेता और स्वतंत्रता सेनानी थे. उन्होंने अपने जीवन को आदिवासियों के अधिकारों और संरक्षण के लिए समर्पित किया. बिरसा मुंडा ने आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ी और उन्हें उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया. उन्होंने आदिवासियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया और उन्हें अपने समुदाय के संरक्षण के लिए एकजुट किया. आज भी, आदिवासियों के संरक्षण के लिए बहुत कुछ करने की आवश्यकता है. हमें आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करनी होगी. उनकी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करना होगा, और उन्हें शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करनी होंगी. आइए, हम बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाएं और आदिवासियों के संरक्षण के लिए एकजुट हों. हमें उनके अधिकारों की रक्षा करनी होगी और उन्हें एक समृद्ध और सम्मानित जीवन प्रदान करना होगा. कार्यक्रम में फादर जेरोम एक्का, रंजीत सिंह सरदार सहित कई लोग थे.
झानद ने बिरसा जयंती मनायी
झारखंड नवनिर्माण दल गुमला के तत्वावधान में महिला मंडल सहयोग संचालन समिति की जिला प्रभारी पुष्पा उरांव के नेतृत्व में गुमला कचहरी स्थित वीर बिरसा मुंडा के मूर्ति पर पुष्पांजलि करते हुए वीर बिरसा मुंडा अमर रहे, सभी शहीद अमर रहे, लूटखंड बनी झारखंड की स्थिति में बदलाव के लिए आंदोलन की तैयारी तेज करो, झारखंड नवनिर्माण दल जिंदाबाद, शहीदों के सपनों को हम पूरा करेंगे नारे के साथ बिरसा जयंती, राज्य स्थापना दिवस तथा झारखंड नवनिर्माण दल का गठन दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया. संकल्प कार्यक्रम में मजदूर किसान नेता शंकर उरांव, लेवनार्ड खलखो, सहदेव बड़ाइक, बसंत उरांव, गोपेश्वर गोप, छात्र नेता बादल सिंह, आयुष साहू के अलावे कई लोग उपस्थित थे.
छात्रों ने बिरसा मुंडा की जयंती मनायी
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर केओ कॉलेज गुमला के छात्रों के एक सक्रिय समूह ने बिरसा मुंडा एग्रो पार्क में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित और माल्यार्पण किया. पूर्व अध्यक्ष कुणाल शर्मा ने कहा कि छात्रों ने बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन पर संक्षिप्त परिचर्चा की. छात्रों ने भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय नेतृत्व, दैनिक अन्याय के विरुद्ध उनके विद्रोह और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके अमर बलिदान को स्मरण किया. रूचिका गुप्ता ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल इसकी प्राकृतिक संपदा, संस्कृति और परंपरा में नहीं, बल्कि उन वीर नायकों की विरासत में भी है जिन्होंने सामाजिक न्याय और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया. मौके पर छात्र नेता दीपक कुमार, सुशील तिर्की, सरोज सिंह, काजल कुमारी, अभिलाषा केरकेट्टा, शांति कुमारी, सुचिता कुमारी, खुशी कुमारी, अंजलि कुमारी, प्रीति कुमारी साहित अन्य छात्र उपस्थित रहे.
