Indian Railway : झारखंड से इन ट्रेनों का परिचालन जारी रखने की मांग
Indian Railway : कोडरमा जंक्शन के रास्ते होकर चलनेवाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को एक दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक कोहरे के मद्देनजर रद्द किया गया. कई ट्रेनों को सप्ताह में तीन दिन तथा कुछ ट्रेनों को मध्य रास्ते में ही टर्मिनल की घोषणा की गयी है. ऐसे में शादी विवाह एवं नये वर्ष में सैर सपाटा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ी है.
इधर टाटानगर से अमृतसर के बीच चलनेवाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद होने से हजारों यात्रियों, विशेषकर सिख श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ी है. पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से ट्रेन को तत्काल फिर से शुरू करने की मांग की है. इस बात पर चिंता जतायी है कि ट्रेन संख्या 18103/18104 (जलियांवाला बाग एक्सप्रेस) को एक दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.
इस बात पर विशेष जोर दिया कि यह ट्रेन गोमो पारसनाथ, हजारीबाग रोड के अलावा कोडरमा जंक्शन से हजारीबाग टाउन गिरिडीह एवं बिहार के रजौली एवं नवादा के यात्री भी सफर करते हैं. बिहार-झारखंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में रहनेवाले सिख समुदाय के लिए आस्था के केंद्र स्वर्ण मंदिर, अमृतसर जाने का सबसे प्रमुख और सुगम साधन है.
उल्लेखनीय है कि 12873 एवं 121874 हटिया आनंद विहार को भी लगातार फरवरी तक रद्द किया गया है. 12987 और 12988 अजमेर सियालदाह सप्ताह में तीन-तीन दिन स्थगित की गयी है. वहीं 12177 हावडा मथुरा चंबल एक्सप्रेस आगरा कैंट तक संचालित करने का निर्णय रेलवे ने लिया है.
