गुमला

Gumla News : भरनो में घुसे 18 हाथी, एक ग्रामीण को मार डाला, देखें Video

Gumla News : भरनो के मोरगांव पतरा में हाथियों के झुंड को देखने गये ग्रामीण ललकू उरांव (55) को हाथी ने कुचलकर मार डाला. घटना शुक्रवार की शाम करीब चार बजे की है. जानकारी के अनुसार भरनो के मोरगांव में 18 हाथियों का झुंड घुसा है. झुंड में दो बच्चे भी हैं. गत गुरुवार की रात में हाथियों का झुंड सबसे पहले सुपा गांव में घुसा. हाथियों का झुंड घुसने से गांव में रात में अफरा-तफरी का माहौल रहा. ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाई और किसी प्रकार झुंड को गांव से बाहर निकाला. इसके बाद हाथियों का झुंड मोरगांव पहुंचा और गांव के पतरा में घुस गये और वहीं अपना डेरा जमा लिया. इधर, शुक्रवार को हाथियों के झुंड को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगने लगी.

हाथियों का झुंड घुसने की सूचना वन विभाग को भी दी गयी. मौके पर वन विभाग की टीम भी पहुंची. इसी बीच ललकू उरांव हाथियों को देखने के लिए पतरा के अंदर घुस गया. जिसपर ललकू पर एक हाथी ने हमला कर दिया और उसे कूचल दिया. हाथियों का हमला देख सभी ग्रामीण भागने लगे. जिसके बाद मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसी प्रकार ललकू को हाथियों से बचाने का प्रयास किया और ललकू को हाथियों के पास से हटाया. ललकू को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के क्रम में सड़क पर ही उसकी मौत हो गयी. प्रभारी वनपाल राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गत रात में हाथियों का झुंड पतरा में घुसा है. हाथियों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग रही है. लेकिन ग्रामीणों को उनसे दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि हाथियों को निकालने के लिए गुमला व रायडीह से क्यूआरटी टीम बुलाया गया है. हाथियों के मुवमेंट पर नजर रखी जा रही है. यदि वे गांव की ओर निकलने का प्रयास करते हैं तो उन्हें जंगल में ही रोका जायेगा. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे हाथियों से दूर रहे और उन्हें छेड़े नहीं. वहीं हाथियों द्वारा एक व्यक्ति की जान लिये जाने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

भरनो में घुसे हाथियों के झुंड को खदेड़ने के लिए वन विभाग की टीम पूरी तैयारी के साथ जंगल में घुसी है. जिस लोकेशन पर हाथी है. उस लोकेशन पर वन विभाग की टीम पहुंच गयी है. साथ ही हाथी को कैसे सुरक्षित गांव व जंगल से खदेड़कर हाथियों के रहने वाले स्थान पर भेजा जाये. इसके लिए टीम काम करना शुरू कर दी है. वहीं हाथियों से बचने के लिए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है. साथ ही हाथियों को छेड़छाड़ नहीं करने के लिए कहा है. इधर, हाथी द्वारा जिस ग्रामीण को मारा गया है. उसके परिजन को वन विभाग ने तत्काल में 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद किया है. साथ ही कागजी प्रक्रिया के बाद सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा राशि दी जायेगी. वहीं जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर ने कहा है कि ग्रामीण हाथियों के विचरण वाले क्षेत्र में न जाये. हाथियों से दूरी बनाकर रहें. वन विभाग की टीम तत्परता से हाथियों को खदेड़ने में लगी हुई है. हाथियों द्वारा जो नुकसान पहुंचाया गया हे. उसका मुआवजा जल्द दिया जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *