Jharkhand Weather : शीतलहर का अलर्ट, रांची समेत कई जिलों में ठंड बढ़ेगी
Jharkhand Weather : पांच व छह दिसंबर को झारखंड के आधे से अधिक जिलों में शीतलहर चल सकती है. इन जिलों का तापमान अचानक गिर सकता है. इसको लेकर मौसम केंद्र ने अलर्ट जारी किया है. एक-दो दिन के बाद राजधानी रांची का तापमान भी लगातार गिरेगा. तीन से चार डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान गिर सकता है.
मौसम केंद्र के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में पांच व छह दिसंबर को शीतलहर चलने का अनुमान है. अन्य जिलों में तापमान सामान्य रहेगा. मौसम केंद्र का अनुमान है कि आकाश साफ रहेगा. नौ दिसंबर तक सुबह में कोहरा रह सकता है. बाद में आकाश साफ हो जायेगा.
मौसम केंद्र का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिन में रांची का तापमान गिरेगा. तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. अधिकतम तापमान 23-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
