Gumla : गुमला में तीन हादसे, तीन लोगों की मौत
Gumla : जिले में तीन अलग-अलग हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी. बसिया में सड़क हादसे में युवक की जान चली गयी. घाघरा में कुएं में गिरने से महिला की मौत हुई. जबकि कामडारा वृद्ध ने फांसी लगा ली.
बसिया : बाइक से गिरकर युवक की मौत
बसिया. थाना क्षेत्र के सोलंगबीरा गांव में गत दिनों कोनबीर-पालकोट मुख्य पथ पर बाइक से गिरकर घायल हुए भागीडेरा निवासी राज राम (18) की इलाज के दौरान रांची रिम्स में मौत हो गयी. दुर्घटना में राज राम के सिर, छाती व कमर में गंभीर चोट लगी थी. जिसे रेफरल अस्पताल बसिया में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया था. जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. गत दिनों राज राम अपने दो दोस्तों के साथ बाइक में सवार होकर भागीडेरा से पालकोट की ओर जा रहा था. इसी दौरान कोनबीर-पालकोट मुख्य पथ बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकरायी थी. इस दुर्घटना में राज राम को अधिक चोट लगी थी. इधर, राज राम के मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार समेत पूरे गांव में मातम छा गया. उसके माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है.
घाघरा : पानी भरने के दौरा कुआं में गिरने से महिला की मौत
घाघरा थाना क्षेत्र के चट्टी पतराटोली गांव में पानी भरने के दौरान कुआं में गिरकर डूबने से लगभग 45 वर्षीय फूलों देवी की मौत हो गयी. हालांकि घटना के बाद परिजनों द्वारा आनन- फानन में फूलों को कुआं से निकालकर इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची घाघरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु गुमला भेज दिया. घटना के बाबत परिजनों ने बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे फूलों देवी घर के काम के लिए पानी लाने कुआं गयी थी. कुआं में पानी भरने के दौरान वह गिर गयी. कुछ देर बाद नहीं लौटी तो कुआं के पास जा कर देखा गया तो कुआं के अंदर पड़ी मिली. जिसके बाद कुआं से उसे निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा लाया गया. जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.
कामडारा : सुबह शराब पीने निकला था वृद्ध, घर के पीछे फांसी पर लटका मिला शव
कामडारा थाना क्षेत्र के सरिता बेहराटोली गांव में मंगलवार को 70 वर्षीय वृद्ध जीतवाहन मांझी ने अपने घर के पीछे एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक के पुत्र बुधराम मांझी ने बताया कि उसका पिता जीतवाहन मांझी प्रत्येक दिन सुबह में जल्दी उठकर शराब पीने के लिए गांव की ओर जाते थे. सुबह में भी वे शराब पीने के लिए चले गये थे. लेकिन काफी देर हो जाने के बाद भी जब वे नहीं लौटे तो उसे ढुंढने के लिए निकले. ढुंढने के क्रम में वे घर के पीछे ही पेड़ पर गमछा के सहारे लटकते मिला. इधर, घटना की सूचना कामडारा पुलिस को दी गयी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
