Raidih News : सारंगसोर में क्रशर की रसोइया चैतमुनी देवी का शव मिला
Raidih News : रायडीह थाना क्षेत्र के ग्राम सारंगसोर स्थित क्रशर से क्रशर की रसोइया चैतमुनी देवी (45) का शव मिला है. चैतमुनी देवी सारंगसोर निवासी राजेंद्र सिंह की पत्नी है. वह क्रशर में रसोइया का काम करती थी. बुधवार को उसका शव क्रशर के बरामदे में लोहे के पाइप में बांधकर प्लास्टिक रस्सी के सहारे झुलता हुआ मिला. इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. जब इस बात की जानकारी परिजनों को हुई तो वे घटना स्थल पहुंचे. जहां परिजनों ने चैतमुनी देवी को रस्सी के सहारे झूलता हुआ पाया.
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची रायडीह पुलिस ने शव को उतारकर पंचनामा किया. परिजनों ने बताया की रात में मृतका चैतमुनी देवी अपने घर पर ही थी. सुबह करीब चार बजे उठकर वह घर से निकली थी. परिजनों का आरोप है कि चैतमुनी देवी की हत्या कर उसके शव को क्रशर में रस्सी से बांधकर लटकाया गया है. ताकि हत्या आत्महत्या के रूप में दिखे. वहीं कुछ लोग पूरे मामला को लिपापोती करने में लगे थे. इस दौरान परिजनों ने मौके पर से पुलिस को छह घंटे तक शव को उठाकर ले जाने नहीं दिया. परिजनों की मांग थी कि क्रशर मालिक घटना स्थल पर आये और मृत परिवार को मुआवजा दे और पुलिस मामले की जांच कर दोषियों के ऊपर कार्रवाई करे. घटना की सूचना क्रशर मालिक संजय सिंह को भी दी गयी. वे सूचना मिलने के बाद क्रशर पहुंचे. जहां उन्होंने परिजनों को मृतका के अंतिम क्रियाक्रम के लिए 70 हजार रुपये प्रदान किया. जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को शव को ले जाने दिया.
घटना के एक दिन पूर्व ही रसोईया को काम से निकाला गया था
परिजनों ने बताया की चैतमुनी देवी लंबे समय से क्रशर में रहकर क्रशर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए खाना बनाती थी और अचानक घटना के एक दिन पूर्व ही रसोईया को काम से निकाला दिया गया था. घटना के दिन क्रशर मालिक से इस संबंध में परिजनों ने पूछा तो क्रशर मालिक के द्वारा कोई भी संतोष जनक जवाब नहीं दिया गया.
क्रशर के मुंशी के साथ मृतका का था अवैध संबंध : परिजन
परिजनों ने बताया की मृतिका चैतमुनी देवी का अवैध संबंध क्रशर के मुंशी बिरेंद्र सिंह के साथ था. इस बात की जानकारी घटना के एक दिन पूर्व मृतिका ने अपनी बहन को दी थी और कही थी की मुझे क्रशर के कर्मियों द्वारा काफी परेशान किया जा रहा है. परिजनों ने आरोप लगाया है की चैतमुनी देवी की हत्या क्रशर के मुंशी बिरेंद्र सिंह के द्वारा करके टांग दिया गया है और हत्या को आत्महत्या का रूप दिया गया है. वहीं घटना के बाद से क्रशर के मुंशी बिरेंद्र सिंह सहित क्रशर के सभी कर्मी फरार हैं. इससे परिजनों का शक और भी गहरा हो गया है.
