Bharno News: हाइवा ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, महिला की मौत, पति का पैर टूटा, बेटा बाल-बाल बचा
Bharno News: गुमला-रांची मार्ग पर नेशनल हाइवे 43 स्थित पुराना थाना भरनो के समीप एक हाइवा ने बाइक सवार सुपा निवासी दंपती को चपेट में ले लिया. इस घटना में बाइक में सवार पति-पत्नी मुजलिम मिरदाहा व सुंदरी बीबी के ऊपर चक्का चढ़ गया. जिससे सुंदरी बीबी की मौत हो गयी, जबकि पति मुजलिम मिरदाहा का एक पैर टूट गया. वहीं इस घटना में दंपती का आठ वर्षीय बेटा यासीन मिरदाहा बाल-बाल बच गया. क्योंकि, हाइवा की चपेट में आने से बच्चा बाइक से दूर फेंका गया. जिस कारण वह घायल हुआ है. जानकारी के अनुसार सुपा गांव निवासी मुजलिम मिरदाहा (35) अपनी पत्नी व आठ वर्षीय बेटा यासीन मिरदाहा को बाईक पर बैठाकर भरनो आ रहा था.
इसी बीच भरनो पुराना थाना के समीप तेज गति से सिसई की ओर लौट रही हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हाइवा से टक्कर लगते ही बाइक में बैठा यासीन मिरदाहा बाइक से फेंका गया, जबकि मुजलिम मिरदाहा व सुंदरी बीबी चक्का के नीचे आ गये. मुजलिम मिरदाहा का पैर व सुंदरी बीबी का सिर हाइवा के चक्का के नीचे आ गया. इस घटना में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद हाइवा चालक हाइवा लेकर मौके पर से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. जिस समय स्थानीय लोग घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे. उस समय अस्पताल में डॉक्टर नहीं था. अस्पताल में एंबुलेंस व ऑक्सीजन भी नहीं मिला. इसके बाद परिजनों द्वारा निजी वाहन व ऑक्सीजन की व्यवस्था कर घायलों को इलाज हेतु रांची ले जाने लगे. लेकिन रास्ते पर ही सुंदरी बीबी ने दम तोड़ दिया.
घटना के विरोध में परिजनों व लोगों ने सड़क जाम किया
घटना के विरोध में परिजन व लोग अस्पताल चौक में सड़क जाम कर बैठ गये. लोगों ने अवैध बालू परिवहन व हाइवा के तेज रफ्तार का पूरजोर विरोध किया. कहा कि हाइवा से रोजाना बालू का अवैध परिवहन किया जा रहा है. हाइवा तेज रफ्तार से चलती है. लोगों ने आरकेडी कंपनी पर भी आरोप लगाया कि आरकेडी कंपनी द्वारा बुधवार को सुबह से ही दोनों सर्विस सड़क पर मिट्टी डालकर रोड को बंद कर दिया गया. जिस कारण दोनों तरफ से रॉन्ग साइड से आवागमन हो रहा था. जो दुर्घटना का मुख्य कारण है. खबर लिखे जाने तक लोग सड़क जाम पर बैठे हुए थे. वहीं सर्विस रोड से मिट्टी हटाने का काम शुरू कर दिया गया था.
