Afim ki Kheti : जंगल के बीच अवैध अफीम की खेती, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
Afim ki Kheti : गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर पंचायत के सलगी गांव के वन क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का मामला सामने आया है. गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की.
इस क्रम में अंचल अधिकारी घाघरा सुशील खाखा, थाना प्रभारी मोहन सिंह और फॉरेस्टर राम शेखर की संयुक्त टीम ने मौके पर औचक छापेमारी की. छापेमारी के दौरान वन क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 65 डिसमिल भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती पाई गई. इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही पूरी फसल को नष्ट कर दिया.
अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट
चूंकि भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत थी, इसलिए जिला प्रशासन और वन विभाग ने आपसी समन्वय से संयुक्त अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट किया. अंचल अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. अवैध खेती में संलिप्त व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लातेहार के माफिया का हाथ होने का शक
घाघरा में अवैध तरीके से अफीम की खेती के पीछे लातेहार जिला के एक अफीम माफिया के हाथ होने की आशंका व्यक्त की गयी है. हालांकि, पुलिस इस संबंध में अभी कुछ नहीं बता रही है. लेकिन सूत्रों के अनुसार लातेहार जिला का एक व्यक्ति कुछ लोगों से मिलकर घाघरा के सुदूरवर्ती इलाके में अफीम की खेती करा रहा था. पुलिस लातेहार जिला के उक्त व्यक्ति की तलाश कर रही है.
24 घंटे में प्रशासन ने की कार्रवाई
एक अज्ञात व्यक्ति ने गुमला प्रशासन को सलगी इलाके के जंगल से सटे खेत में अफीम की खेती करने की जानकारी दी. इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की. 24 घंटे के अंदर प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए सलगी गांव पहुंचकर अफीम की फसल को नष्ट कर दिया. साथ ही प्रशासन यह भी पता करने में जुट गया है कि आसपास के किसी इलाके में अफीम की खेती और तो नहीं हो रही है.
