Gumla: गले और छाती में घुसा बांस, युवक की मौत
Gumla: ट्रैक्टर में लदे बांस का नुकीला हिस्सा गुमला के कांसीटोली ग्राम निवासी 19 वर्षीय युवक हेमंत मिंज की छाती व गले में घुसने से मौत हो गयी. यह बांस रामनवमी में झंडा लगाने के लिए ले जाया जा रहा था. घटना मंगलवार की देर शाम करीब सात बजे खटवा नदी के समीप घटी. घटना के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर गाड़ी छोड़कर घटना स्थल से फरार हो गया. गुमला पुलिस उक्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले आयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमंत घर का कुछ सामान लेने के लिए स्कूटी से गुमला जा रहा था.
इसी दौरान खटवा नदी के समीप आगे-आगे चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक अपनी रफ्तार कम कर दी. पीछे से आ रहा हेमंत जब तक अपनी स्कूटी पर ब्रेक लगाता. तब तक ट्रैक्टर में रखा बांस उसके गले व छाती में जा धंसा. आनन-फानन में स्थानीय लोगों व परिजनों ने उसे सदर अस्पताल गुमला में इलाज के लिए भर्ती कराया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बुधवार को अंत्यपरीक्षण के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है.
