गुमला

Gumla में भालू का आतंक, एक ने जंग लड़कर, दूसरे ने घर में घुसकर और तीसरे ने छिपकर बचायी जान

Gumla : गुमला जिला के घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी कुसुमटोली व लपसर गांव में रविवार को जंगली भालू के हमले से दो लोग घायल हो गये. कुसुमटोली में भालू ने जिस किसान पर हमला किया. उस किसान ने भालू से जंग लड़कर अपनी जान बचायी, जबकि लपसर में ग्रामीण ने अपने घर में घुसकर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक गार्ड ने भालू को देखने के बाद छिपकर अपनी जान बचायी. पहली घटना देवाकी कुसुमटोली गांव की है. कुसुमटोली निवासी किसान विष्णु उरांव सुबह करीब 5.30 बजे उठने के बाद अपने खेत की ओर जा रहा था. इसी दौरान एक जंगली भालू ने विष्णु पर हमला कर दिया. अचानक से भालू के हमले से विष्णु पहले डर गया. लेकिन फिर उसने पूरी हिम्मत और सुझबुझ के साथ लड़ते हुए भालू को जमीन पर गिराने में सफल रहा. इसके बाद विष्णु वहां से चिल्लाते हुए गांव की ओर भागने लगा. विष्णु के चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के अन्य ग्रामीण भी शोर करने लगे. जिससे भालू वहां से भाग गया. भालू से हुई जंग में विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गया था.

परिजनों व ग्रामीणों के सहयोग से विष्णु को घायलवस्था में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा लाया गया. घटना के संबंध में विष्णु ने बताया कि वह लगभग सुबह करीब 5:30 बजे उठकर खेत की ओर जा रहा था. इसी क्रम में एक जंगली भालू ने उस पर हमला कर दिया. हमले के बाद दोनों में लड़ाई हुई. भालू के गिरने के बाद उसने वहां से भागकर अपनी जान बचायी.

वहीं दूसरी घटना में लपसर गांव में जितेंद्र चीक बड़ाइक को जंगली भालू ने हमला करके घायल कर दिया. भालू के हमले में घायल जितेंद्र को इलाज के लिए परिजनों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा लाया गया. जहां चिकित्सक द्वारा इलाज किया गया. घटना के संबंध में जितेंद्र बताया कि वह सुबह करीब सात बजे अपने घर के बाहर दरवाजा के पास खड़ा था. इसी दौरान जंगली भालू ने उस पर हमला कर दिया. किसी तरह वह घर के अंदर घुसा और दरवाजा बंद कर दिया. इससे पूर्व एक जंगली भालू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में घुस गया था.

प्रत्यक्षदर्शी केंद्र के गार्ड ने बताया की एक जंगली भालू सुबह करीब चार बजे घाघरा पुटो रोड की ओर से घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आ गया था. भालू को देखकर वह छिप गया. इसके कुछ देर बाद ही भालू वहां से चला गया. एक ही सुबह में कई जगहों पर भालू द्वारा गांव के लोगों पर हमला करने के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. प्रखंड मुख्यालय व प्रभावित गांवों में दिनभर भालू की ही चर्चा होती रही. भालू के हमले के बाद से लोगों में भय देखा जा रहा है. लोगों ने वन विभाग से जंगली भालू के आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग की है. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद फॉरेस्ट गार्ड सनील राम द्वारा घायल को दो हजार रुपए तत्काल आर्थिक सहयोग दिया गया. साथ ही विभाग की ओर से मिलने वाले लाभ व मुआवजा के बारे में जानकारी दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *