गुमला

Bharno News : युवती से गैंगरेप, दो घंटे में चारों आरोपी गिरफ्तार

Bharno News : भरनो थाना क्षेत्र के समसेरा नदी के समीप एक 20 वर्षीय युवती से गैंगरेप हुआ है. हालांकि, गैंगरेप के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. चार आरोपियों को भरनो पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है. आरोपियों में समसेरा गांव निवासी राजकुमार उरांव (21), विष्णु गोप (19), नरकोपी थाना क्षेत्र के मसियातू गांव निवासी विकास मुंडा (22) व बटकुरी गांव निवासी विकास उरांव (21) शामिल हैं. गैंगरेप की घटना सोमवार की शाम करीब सात बजे की है. पीड़िता रायकेरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गयी थी.

चारों आरोपी युवक भी उसी शादी समारोह में शामिल हुए थे. शादी समारोह में शामिल होने के बाद युवती वापस अपने गांव जाने के लिए समारोह स्थल से बाहर निकली थी. तभी एक आरोपी ने उसे घर पहुंचाने की बात कहकर अपनी बाइक पर बैठा लिया और समसेरा नदी के समीप आरोपी ने बाइक रोक कर अपने तीन अन्य दोस्तों को भी वहां बुला लिया. इसके बाद चारों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़कर भाग गये. युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी.

इस प्रकार पकड़ाये आरोपी

युवती एक आरोपी को पहचान चुकी थी. रात में ही युवती अपने परिजनों के साथ थाना पहुंची और आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज करायी. जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कंचन प्रजापति व एसआइ अभिनंदन कुमार ने दलबल के साथ छापामारी कर महज दो घंटे में ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार की सुबह न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

थाना प्रभारी ने कहा

थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी बच्चियों को शादी-विवाह, जतरा-मेला में अकेले नहीं भेजें. इस तरह की घटना कई बार हो रही है. इससे पूर्व भी एक युवती जायरा जतरा देखकर शाम को अकेले घर जा रही थी और उसके साथ गैंगरेप की घटना घटी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *