बॉलीवुड स्टार सत्य प्रकाश गुमला में, हापामुनी में मां महामाया की पूजा की
बॉलीवुड स्टार लोहरदगा निवासी सत्य प्रकाश ने सोमवार को घाघरा प्रखंड के हापामुनी में मां महामाया मंदिर में अपने परिवार संग मां महामाया की पूजा-अर्चना किये. लोहरदगा जिले के प्रतिभाशाली युवा सत्य प्रकाश ने बॉलीवुड में अपने अभिनय का परचम लहराया है. वे विगत सालों से फिल्म व वेब सीरीज इंडस्ट्री में सक्रिय हैं. सत्य प्रकाश ने कई चर्चित प्रोजेक्ट्स में काम किया है. वे पंचायत सीजन टू व थ्री, हॉस्टल डेज, ग्राउंड जीरो, द बेड्स ऑफ बॉलीवुड जैसी वेब सीरीज में शानदार अभिनय कर चुके हैं. इसके साथ ही आने वाले समय में वे पान पर्दा जर्दा, भेड़ बकरी भूत, वीआर और कुणाल खेमू के निर्देशन में बन रही फिल्म वाइब में नजर आने वाले हैं.
सत्य प्रकाश मूल रूप से हापामुनी के ही रहने वाले हैं. उनके पिता डॉक्टर टी साहू लोहरदगा के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक हैं और माता सरिता देवी गृहणी हैं. पूजा के बाद सत्य प्रकाश ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि अगर प्रबल इच्छा शक्ति हो तो किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है. उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था. कॉलेज के दिनों में वे ड्रामा समिति से जुड़े रहे और नाटकों में हिस्सा लेते थे. सत्य प्रकाश के पिता डॉक्टर टी साहू ने बेटे की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि सत्य ने अपने सपनों को साकार किया है. उसने हमेशा मेहनत व ईमानदारी को महत्व दिया. बेटे ने झारखंड का नाम देशभर में रोशन किया है.
